बरेली: महेशपुरा क्रासिंग पर लगा जाम, इंजन और ट्रेन एक साथ देख घबराए लोग
काफी देर तक फाटक बंद होने से जाम में फंसे रहे सांसद, एंबुलेंस भी फंसी
बरेली, अमृत विचार। बरेली-कासगंज रूट के महेशपुरा क्रासिंग पर फाटक बंद होने से शनिवार की देर शाम भीषण जाम लग गया। उसमें सांसद धर्मेंद्र कश्यप की गाड़ी के साथ एंबुलेंस भी फंस गई। इस दौरान सिंगल रेलवे लाइन के एक तरफ इंजन और दूसरी तरफ ट्रेन देख सांसद धर्मेंद्र कश्यप चौक गए। उन्हें लगा कि इंजन और ट्रेन आमने-सामने आ गए हैं। ऐसी स्थिति दूर से देख बड़ी संख्या में मौजूद लोग भी घबरा गए। सांसद ने गाड़ी से उतरकर गेटमैन से जानकारी ली। बाद में यह मालूम हुआ कि ट्रेन और इंजन एक लाइन पर नहीं थे लेकिन दूर से देखने पर एक लाइन पर दिख रहे थे। रेल अधिकारियों का कहना है कि इंजन की शंटिंग का कार्य किया जा रहा था। यार्ड में शंटिंग का कार्य किया जाना आम बात है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अब मरीजों को इलाज के लिए नहीं पड़ेगा भटकना, व्यवस्थाएं हुईं पूर्ण
सांसद ने बताया कि एक तरफ इंजन व दूसरी ओर ट्रेन देखकर वह तुरंत गाड़ी से उतरे और गेटमैन के पास पहुंचे। रेलवे क्रासिंग के गेटमैन केबिन कार्यालय में रजिस्टर चेक किया। ऐसी स्थिति बनने का कारण पूछा तब मौजूद गेटमैन जवाब नहीं दे सका। उन्होंने गेटमैन से रजिस्टर दिखाने को कहा और तुरंत चौबारी के स्टेशन मास्टर से बात की और पूछा कि सिंगल रेलवे लाइन मार्ग के दोनों ओर से ट्रेन आमने-सामने भेजने की इजाजत क्यों दी। सांसद ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से दोनों ओर फाटक पर लंबा जाम लग गया है। जिसकी वजह से एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एक ओर बरेली की ओर से कासगंज जाने को ट्रेन बीच में खड़ी हैं। वहीं दूसरी ओर इंजन था।
सांसद धर्मेंद्र कश्यप के मुताबिक स्टेशन मास्टर से कहा कि बेवजह रेलवे क्रॉसिंग बंद करके लंबा जाम नहीं लगवाएं। लालफाटक ओवरब्रिज की ओर निर्माण कार्यों के कारण आए दिन राहगीर जाम से जूझते हैं। ऐसे में लोग जाम से बचने को महेशपुरा क्रॉसिंग की ओर से गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग बंद कर जाम लगा तो संबंधित गेटमैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इधर इस मामले में पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि क्रासिंग संख्या 252 बी उत्तर रेलवे के तहत आती है। जबकि मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारी घटना पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्र में बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि पास में ही पड़ने वाले एक स्कूल में वार्षिकोत्सव था जिसकी वजह से जाम ज्यादा लगा। वहीं कई ट्रेनें भी लेट हुई हैं।
महेशपुरा क्रासिंग राम गंगा स्टेशन के यार्ड क्षेत्र में पड़ता है। दूसरी तरफ बरेली जंक्शन का होम सिग्नल है। यार्ड में तो शंटिंग आदि का कार्य होता ही रहता है। जाम लगना इस फाटक की पुरानी समस्या है। सुरक्षा मानकों के चलते फाटक बंद रखना जरूरी है-अजय नंदन, डीआरएम मुरादाबाद।
ये भी पढ़ें- बरेली: एनआरसी में बच्चों को न भेजने वाले अधिकारियों का कटेगा वेतन- डीएम
