रायबरेली: बाइक सवार युवक के पैर को छेदकर पार हुई लोहे की सरिया , हालत गंभीर
अमृत विचार, रायबरेली। नाले का निर्माण के दौरान रास्ते में फेंकी गई लोहे की सरिया एक बाइक सवार युवक के पैर में घुसकर छेदकर करते हुए पार हो गई है। गंभीर अवस्था में युवक को जिला अस्पताल लाया गया ,जहां डॉक्टरों ने इलाज करने में खुद को अक्षम महसूस करते हुए हाथ खड़े कर दिए हैं ।युवक को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
मामला महाराजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव भदिया का है। क्षेत्र के जिहवा गांव निवासी युवक दीपक कुमार (25 वर्ष) मोटरसाइकिल से शादी समारोह में अपनी मां को छोड़कर वापस अपने गांव आ रहा था। रास्ते में भदिया गांव के पास नाले के निर्माण का काम चल रहा था। जैसे ही बाइक सवार युवक नाले के करीब पहुंचा वैसे ही काम कर रहे मजदूरों ने निर्माण में लगने वाले सरिया के जाल को सड़क पर डाल दिया। जब तक युवक समझ जाता तब तक सरिया युवक के पैर में घुसकर आर पार हो गई और बाइक सवार युवक वहीं पर गिर पड़ा। जिससे वहां पर हड़कंप मच गया और वहां काम कर रहे मजदूर भाग खड़े हुए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सीएचसी हरचंदपुर लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। लेकिन जिला अस्पताल में भी युवक की गंभीर दशा को देखते हुए डॉक्टरों ने इलाज करने से खुद को अक्षम पाया और उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी। उसके बाद घायल के परिजनों ने युवक को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।कटर से काटकर पैर में घुसी सरिया को बाहर निकाला गया है।
