Kanpur कमिश्नरेट पुलिस शुरू करने जा रही नई व्यवस्था, ACP कार्यालय में लगेगी कोर्ट, फरियादियों को नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है।
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आउटर खत्म करने के बाद से एक नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है। इसमें अब एसीपी कार्यालय में ही कोर्ट लगेगी। जिससे फरियादियों को चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर कमिश्नरेट से आउटर खत्म करने के बाद पुलिस के आलाधिकारी जनता के हित और चक्कर से बचाने के लिए अब नई व्यवस्था जल्द लागू करने जा रहे हैं। जल्द सभी एसीपी कार्यालय में कोर्ट लगेगी और फरियादियों की बात सुनी जाएगी। पहले फरियादियों को भागकर मुख्यालय आना जाना पड़ता था। जिस पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें बड़ी राहत दी है। बता दें कि अभी तक पुलिस लाइन में कोर्ट लगती रही है।
पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड के अनुसार दो सप्ताह के भीतर यह नई व्यवस्था शुरु हो जाएगी। कमिश्नरेट में पुलिस कमिश्नर, संयुक्त पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों को न्यायिक पावर मिली हैं।
वैसे तो यह व्यवस्था यही है कि हर अधिकारी की कोर्ट अलग-अलग होगी, मगर अभी तक पुलिस लाइन स्थित अस्थाई कोर्ट में ही कामकाज हो रहा था। मगर, अब आउटर के ग्रामीण थाने भी कमिश्नरेट का हिस्सा हो गए हैं तो आरोपियों को काफी दूर से पुलिस लाइन लाना पड़ेगा।
इस समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि अब सभी एसीपी अपने ही कार्यालय में कोर्ट लगाकर सुनवाई करेंगे। जिससे दूर-दराज से पहुंचने वाले फरियादियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
