लखनऊ नगर निगम बना भ्रष्टाचार का अड्डा, आम आदमी पार्टी ने लगाए गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ अमृत विचार।  आम आदमी पार्टी की ओर से यूपी प्रभारी व सांसद संजय सिंह ने राजधानी लखनऊ के नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया है। उन्होंने कहा निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के बारे में तथ्यात्मक आंकड़े रखते हुए बताया कि बारिश को गुजरे महीने बीत गए लेकिन नगर निगम अभी तक बारिश का जमा पानी निकाल रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम के भ्रष्ट कर्मचारी कागजों पर बाढ़ पंपिंग स्टेशन चलाकर डीजल चोरी कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि ज़ोन 6 टिकैतराय पंपिंग स्टेशन से 70 लीटर डीजल दिया जा रहा है। सांसद संजय सिंह ने बताया कि 22 गाड़ियों को 373 लीटर डीजल एक वाहन में ड्रम में भर कर दे दिया जाता है वह भी एक कच्चे स्लिप के आधार पर।उन्होंने बताया कि नगर निगम में बड़े पैमाने पर तेल चोरी का खेल चल रहा है और इसमें प्रति वर्ष दस करोड़ का घोटाला किया जा रहा है. संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम में पहले इस भ्रष्टाचार को कई बार उजागर किया जा चुका है लेकिन अधिकारियों और राज्य सरकार के बंदरबांट की वजह से इस में व्याप्त भ्रष्टाचार फल फूल रहा है। 

तेल चोरी रोकने के लिए नहीं लगा जीपीएस सिस्टम 
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि नगर निगम में तेल चोरी के मामले में अफसरों ने आज तक ना तो जीपीएस और ना ही व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम चलने दिया जिससे कि पता चल पाता कि तेल चोरी के इस गोरखधंधे में कितने लीटर तेल की खपत हो रही है। आप सांसद संजय सिंह ने कानपुर नगर निगम का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा जिस गाय को माता मानकर राजनीति करती है उसी के शासनकाल में कानपुर नगर निगम गायों को अवैध रूप से लाकर जंगलों में फेंक रही है जिन्हें कुत्ते नोच कर खा रहे हैं, इस पर सांसद संजय सिंह ने आक्रोशित होकर ट्वीट करते हुए कहा "हे राम यह कैसा घोर पाप है". उन्होंने कहा नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए है निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है और भाजपा शासन में व्याप्त भ्रष्टाचार की समाप्ति के लिए ही आप हर सीट पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा केंद्र से लेकर राज्य तक जिस प्रकार की चोरी और गबन के मामले सामने आ रहे हैं उसको आम आदमी पार्टी ही समाप्त कर सकती है। 

संबंधित समाचार