बांदा : अखिल भारतीय साहित्य परिषद की बैठक में दो प्रस्ताव पारित
अमृत विचार, बांदा। अखिल भारतीय साहित्य परिषद की मासिक बैठक में सर्वसम्मति से दो प्रस्ताव पारित हुए। इस दौरान आयोजित काव्य गोष्ठी में कवियों, साहित्यकारों और रचनाकारों ने श्रेष्ठ काव्य पाठ करते हुए श्रोताओं की वाहवाही व तालियां बटोरीं।
परिषद की मासिक बैठक का शुभारंभ परिषद संरक्षक डा.गया प्रसाद त्रिपाठी ने मां सरस्वती का पुष्पार्चन व दीप प्रज्वलन कर किया। सह कोषाध्यक्ष केवल प्रसाद द्विवेदी ने बैठक की रूपरेखा बताई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय साहित्य परिषद जिलाध्यक्ष राम प्रताप शुक्ल मानस किंकर ने इस दौरान तहसील इकाइयों के गठन और आजीवन सदस्यता का प्रस्ताव रखा।
साहित्यकारों ने दोनों प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की। कहा कि तहसील क्षेत्र में इकाइयों के गठन से रचनाकारों और कवियों का संगठन मजबूत होगा। रचनाकार नाथूराम लश्करी, सौरल बाबी, ठाकुर दास शर्मा पंक्षी, आरसी योगा, चंद्रप्रकाश व्यथित, रामप्रसाद, मनोज कुमार मृदुल, कुमारी दिव्या द्विवेदी सहित सभी कवियों ने अपनी श्रेष्ठ रचनाओं से श्रोताओं की जमकर वाहवाही व तालियां बटोरी। संचालन परिषद जिला महामंत्री राजेश तिवारी रंजन ने किया।
