हरदोई : केबीसी की हॉट सीट तक पहुंच कर बनें लखपति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हरदोई। अपनी लगन और मेहनत के बूते बिग बॉस के टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर पहुंच कर शहर की शान बने शानवेन्द्र मिश्र ने जैसे ही शहर में कदम रखा तो शहरियों ने उन्हें अपनी सिर-आंखों पर बैठा लिया। अपने घर पहुंचने से पहले ही कदम-कदम पर रोक कर उन्हें फूल-मालाओ से लाद दिया गया।

बताते चलें कि शहर के मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा के सत्यप्रकाश मिश्र के होनहार बेटे शानवेन्द्र मिश्र ने अपनी मेहनत और लगन से जो मुकाम हासिल किया, उसका हर तरफ शोर है। एक अदद नौकरी की चाहत रखने वाले शानवेन्द्र को पांच-पांच जगहों से नौकरी का अॉफर मिला, लेकिन उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में उड़ान भरने का फैसला लिया। शानवेन्द्र लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डा वाराणसी में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में सीएनएस की नौकरी कर रहें हैं।

बिग बी के टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' जहां पहुंचने के लिए लोग सोंचते ही रहते हैं, लेकिन होनहार शानवेन्द्र मिश्र ने वहां तक का सफर तय करते हुए शो की हॉट सीट पर बैठ कर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के सवालों का सामना करते हुए लगभग साढ़े तीन लाख रुपये जीते।

रविवार को शानवेन्द्र मिश्र शहर लौटे तो उनके चाहने वालों ने अपनी सिर-आंखों पर बैठा लिया। शहर की लखनऊ चुंगी से शुरू हुआ उनका ज़ोरदार स्वागत उनके घर तक होता रहा। उनके साथ में शो तक पहुंचीं उनकी अर्धांगिनी रीनू मिश्रा का भी स्वागत किया गया। डा.विजय त्रिवेदी ने स्वागत किया और उपहार भेंट किया। इस बीच सभी ने मुंह मीठा कराया।घर में जश्न सा नज़ारा नज़र आ रहा था।

मां-बाप के चरणों में हुए नत-मस्तक

 होनहार शानवेन्द्र मिश्र का कहना है कि उन्होंने पिता सत्यप्रकाश मिश्र और मां सरला मिश्रा से जो संस्कार सीखें,उन्ही संस्कारों ने उन्हें इतना सब-कुछ हासिल कराया। घर पहुंच कर शानवेन्द्र ने सबसे पहले अपने मां-बाप के चरणों में नत-मस्तक हो कर उनसे और ऊंचाई तक पहुंचने का आशीर्वाद लिया।

संबंधित समाचार