Kanpur News : सड़क के गड्ढें भरने की दूसरी डेडलाइन नजदीक, दक्षिण की कई सड़कें अभी भी मांग रही मरम्मत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur News कानपुर की सड़क की हालत हो चुकी जर्जर।

Kanpur News सड़क के गड्ढें भरने की दूसरी डेडलाइन नजदीक आ रही है। लेकिन सड़कों की हालत अभी भी जर्जर ही है। कई टूटी सड़कों पर गड्ढें हो गए। इसमें फंसकर वाहन सवार चुटहिल भी हो जाते है।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News सड़कों के गड्ढ़ों को भरने के लिए दूसरी डेडलाइन 30 नवंबर है। दो दिन बचे हैं लेकिन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे अभी भी हैं। शहर के उत्तर क्षेत्र से ज्यादा दक्षिण का बुरा हाल है। अधिकारियों के सौतेलेपन की वजह से यहां कई मुख्य सड़कों पर गड्ढे हैं और पानी भरा हुआ है। जिससे राहगीर दो-चार हो रहे हैं।

साकेत नगर टेलीफोन एक्सचेंज वाली सड़क का तो बुरा हाल है। यहां कुछ दिनों पहले बनी नगर निगम ने खानापूर्ति के लिए गिट्टियां जरूर डाली लेकिन आज तक सड़क नहीं बनाई। नाला ओवरफ्लो होकर बहने से सड़क की और दुर्दशा हो गई है। यही हाल दक्षिण क्षेत्र की कई सड़कों का है।

पीएम पोर्टल पर सड़क की शिकायत

साकेत नगर के अशोक विहार निवासी तरुण कुमार गर्ग ने बताया कि 4 माह से सड़क खुदी हुई है। सफाई नहीं किए जाने की वजह से नाले चोक होकर ओवरफ्लो हो गए हैं। इससे नाले का पानी सड़क पर बह रहा है। बताया कि लगातार पानी बहने से सड़क टूट गई है। यहां आए दिन घटनाएं हो रही हैं। राहगीर गिरकर चुटहिल हो रहे हैं।

बताया कि मैंने नगर निगम के अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से व नगर निगम शिकायत पोर्टल पर, स्थानीय पार्षद, विधायक, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर और पीएम पोर्टल पर भी शिकायत की लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा है। शहर में डेंगू का विकराल रूप है इसके बाद भी नगर निगम सुनवाई नहीं कर रहा है।

दक्षिण की कई सड़कें अनाथ

गोविंद नगर की मुख्य सड़क दो जगह खुदी हुई है। नंदलाल से सीटीआई तक जाने वाली सड़क दोपहर तक नहीं बनी है। यहां करीब एक किलोमीटर की सड़क में जगह-जगह गड्ढें हैं। जिसके बाद मुख्य सड़क खराब पड़ी है। मौरंग मड़ी नौबस्ता से मधुलोक जाने वाली सड़क खुदी है। शास्त्री चौक से बर्रा बाईपास की ओर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढें हैं। इसी तरह यशोदा नगर श्रीराम चौक चौराहे से प्रेगमा स्कूल मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। हनुमंत चौराहे से प्रताप होटल वाला मार्ग जगह-जगह सड़क खराब है। केशव नगर में भी सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं।

पैचवर्क में भी हीलाहवाली

नगर निगम ने कई जगह पैचवर्क किया लेकिन जलकल, जलनिगम और अन्य विभागों ने सड़क खोद दी । जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग तो हुआ ही साथ ही राहगीरों की मुश्किलें भी कम नहीं हुईं। गोविंद नगर में खराब मुख्य सड़क को खोदे हुए दो हफ्ते बीत रहे हैं। यहां गड्ढे को मिट्टी से तो भर दिए गए लेकिन, सड़क का निर्माण नहीं किया गया। सीटीआई मार्ग के पास गांधी स्मारक स्कूल के पास भी सड़क को खोद दिया गया है। केशव नगर में जलनिगम ने गड्ढा खोदा है। पनकी आवास विकास में भी जलनिगम ने गड्ढा खोदकर खुला छोड़ दिया है।

ऐसा नहीं है, पैचवर्क का टेंडर हुआ है उसी आधार पर प्लांट से खराब सड़कें बन रही हैं। सभी खराब सड़कों को बनाया जा रहा है।- शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार