देश में कोरोना मामले 14.33 लाख के पार, रिकवरी दर में गिरावट
नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का देश में बढ़ते प्रकोप की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पहले जहां तीन दिनों में एक लाख से अधिक मामले सामने आते थे वहीं अब दो दिनों में इससे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। देश में वर्तमान में कोरोना संक्रमितों …
नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का देश में बढ़ते प्रकोप की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पहले जहां तीन दिनों में एक लाख से अधिक मामले सामने आते थे वहीं अब दो दिनों में इससे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। देश में वर्तमान में कोरोना संक्रमितों की संख्या 14.33 लाख के पार पहुंच गयी है लेकिन चिंता की बात यह भी है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर में पहले की तुलना में गिरावट दर्ज की गयी है।
इससे पहले संक्रमितों की संख्या शुक्रवार शाम 13 लाख के पार पहुंच गयी तथा मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 31000 के करीब जा पहुंचा था। देश में पिछले दो दिनों के भीतर एक लाख से अधिक संक्रमण के मामले सामने आये हैं। इससे पूर्व तीन दिनों में संक्रमण के एक लाख मामले सामने आ रहे थे।
कोरोना से गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में प्रकोप तेजी से बढ़ने से रविवार की रात संक्रमितों का आंकड़ा 14.33 लाख के पार पहुंच गया तथा मृतकों की संख्या 32,803 से अधिक हो गयी। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर शनिवार के 63.93 फीसदी से मामूली घटकर आज 63.90 प्रतिशत पर पहुंच गयी। मृत्यु दर भी पहले के 2.31 फीसदी की तुलना में घटकर 2.28 प्रतिशत पर आ गयी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज सुबह जारी आंकड़ों में कुल संक्रमितों की संख्या 13,85,522 हाे गयी तथा कुल मृतक संख्या 32,063 हो गयी थी। देर शाम विभिन्न राज्यों के आंकड़ों में महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में रिकार्ड नये मामले आये। इन सात राज्यों में 37 हजार से अधिक नये मामले तथा 586 और लोगों की मौत हुई है।
‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 14,33,949 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है। इस प्रकार सुबह से लेकर देर रात तक 46,862 नये मामले आ चुके हैं। अब तक कुल 9,16,346 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 32,806 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 4,84,377 सक्रिय मामलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
इस प्रकार बीमार मरीजों की तुलना में ठीक हुए रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 4.31 लाख के पार पहुंच गयी है। फिलहाल यह अंतर 4,31,969 है। इस बीच, कोरोना संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में फिर संपूर्ण लॉकडाउन अथवा जनता कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध भी फिर लगाने पड़े हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में राज्य सरकारें अपने स्तर से भी कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए लॉकडाउन या पूर्णबंदी या फिर जनता कर्फ्यू लागू कर रही हैं।
देश में वर्तमान में कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण के पॉजिटिव मामले आने की दर (पाॅजिटिविटी दर) 8.07 प्रतिशत है और केंद्र सरकार राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश के साथ मिलकर इसे पांच प्रतिशत से कम करने के लिये प्रयासरत है। देश के 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना रिकवरी दर राष्ट्रीय औसत रिकवरी दर से अधिक दर्ज की गयी है।
देशभर में एक दिन में कोरोना वायरस कोविड-19 के रिकॉर्ड 4,42,263 नमूनों की जांच की गयी। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से आज जारी आंकड़ों के मुताबिक 25 जुलाई को देशभर में कोरोना वायरस के 4,42,263 नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 1,62,91,331 हो गयी है। देश में कोरोना परीक्षण लैब की संख्या भी बढ़कर 1,300 से अधिक हो गयी है।
