मुरादाबाद : बजरंग दल प्रखंड संयोजक के दोनों हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस ने ली राहत की सांस 

भोजपुर में ढेला के तट पर हत्यारोपियों से हुई पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से घायल दोनों बदमाशों का भोजपुर में चल रहा उपचार 

मुरादाबाद : बजरंग दल प्रखंड संयोजक के दोनों हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस ने ली राहत की सांस 

पुलिस की गोली से घायल दोनों हत्यारोपियों का उपचार भोजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है

मुरादाबाद,अमृत विचार। बजरंग दल के प्रखंड संयोजक विशाल उर्फ एकन रायकोटी को दिन दहाड़े गोली मार कर मौत के घाट उतारने के आरोपी बिलाल व उसके साथी अतुल शर्मा को मुठभेड़ के दौरान मंगलवार को सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से घायल दोनों हत्यारोपियों का उपचार भोजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी घटना स्थल रवाना हो चुके हैं। 

ठाकुरद्वारा कस्बे में शांति नगर वार्ड नंबर चार वाल्मीकी बस्ती के रहने वाले विशाल को रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे उसके घर के समीप बदमाशों ने गोली मार दी। उत्तराखंड के काशीपुर में उपचार के दौरान विशाल की मौत हो गई। बजरंग दल कार्यकर्ता की दिनदहाड़े हत्या से ठाकुरद्वारा कस्बे का माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित भीड़ ने ठाकुरद्वारा व काशीपुर मार्ग जाम करते हुए कातिलों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग शुरू की। देर रात शव का दाह संस्कार होने तक ठाकुरद्वारा कस्बे का माहौल तनावपूर्ण रहा। कातिलों की तत्काल गिरफ्तारी की कोशिश में एसएसपी हेमराज मीना ने पुलिस की पांच टीमों का गठन किया।

ठाकुरद्वारा व उत्तराखंड में विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी की। फिर भी दो दिनों तक बिलाल व अतुल शर्मा पुलिस के हाथ नहीं लगे। सोमवार देर शाम एसएसपी हेमराज मीना की संस्तुति पर डीआइली शलभ माथुर ने कत्ल के आरोपियों की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये ईनाम राशि घोषित कर दिया। मंगलवार को सुबह करीब दस बजे ठाकुरद्वारा पुलिस व एसओजी को मुखबिर से पता चला कि बाइक सवार दोनों बदमाश भागने की फिराक में हैं। हत्यारोपियों का लोकेशन भोजपुर थाना क्षेत्र में ढेला नदी के पास मिला।

भोजपुर पुलिस की मदद से पुलिस ने हत्यारोपियों की घेरेबंदी की। पुलिस ने हत्यारोपियों का वाहन रोकने की कोशिश की। वाहन छोड़ नदी की ओर भाग रहे बदमाशों का पुलिस ने पीछा किया। हत्यारोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बिलाल व अतुल शर्मा के पैर में गोली लगी। जबकि बदमाशों की एक गोली दारोगा सोमपाल के हाथ को छूते हुए निकल गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक तमंचा व एक बाइक बरामद हुई है। घायल हत्यारोपियों व दारोगा का उपचार भोजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। एसपी ग्रामीण संदीप कुमार व सीओ ठाकुरद्वारा अंकित कपूर व फोरेंसिक टीम के सदस्य घटना स्थल पर मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: बजरंगी विशाल के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का ईनाम