संभल: शादी समारोह से नकदी व जेवर से भरा बैग चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुल्हन की मां ने कोतवाली में दी तहरीर, आरोपी को पकड़ने की मांग, पूछताछ के बाद पुलिस ने वेटर को छोड़ा, परिजन नाराज

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। नगर के मोहल्ला लोधियान निवासी महिला ने बेटी की शादी में धर्मशाला से डेढ़ लाख रुपये की नकदी व जेवर से भरा बैग चोरी होने का आरोप लगाया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने पकड़े गए वेटर को छोड़ने पर परिजनों में रोष है।
  
नगर में खुर्जा गेट स्थित मोहल्ला लोधियान निवासी बाबूराम की पत्नी अंजना सागर ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि शनिवार को उनकी बेटी का विवाह का कार्यक्रम बदायूं रोड स्थित एक धर्मशाला में था, जहां उनके परिजन, रिश्तेदार व अन्य लोग मौजूद थे। अंजना सागर ने जेवर व नकदी से भरा एक बैग अपनी मां सविता सागर को रखने के लिए दे दिया था। 

आरोप है कि रात लगभग 10 बजे एक युवक व वेटर मां के पास आए। वेटर ने सविता सागर को बातों में लगा लिया और दूसरा युवक बैग चोरी कर वहां से भाग गया। वेटर व युवक के जाने के बाद सविता सागर ने देखा तो बैग गायब था। उसने अपने पुत्रों के सहयोग से वेटर को पकड़ लिया और 112 डायल पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें दूसरा युवक बैग ले जाते हुए नजर आया। इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए वेटर से पूछताछ की और उसको छोड़ दिया।

 सोमवार को धर्मशाला स्वामी ने फोन कर बताया कि मुरादाबाद रोड स्थित एक स्कूल के पास जंगल में खाली बैग व उसके अंदर रखे डिब्बे पड़े हैं। अंजना सागर पति के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां पर उसने बैग व सामान के डिब्बों को पहचान लिया। पीड़ित का कहना है कि युवक ने डेढ लाख रुपये, सोने की अंगूठी, चांदी के बर्तन, दूल्हे के उपहार, एक जोड़ी सोने के कुंडल आदि का सामान निकाल लिया। आरोप है कि अगर पुलिस पकड़े गए वेटर से पूछताछ करती तो चोर तभी पकड़ जाता। उनकी मांग है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोर को पकड़ा जाए। साथ की नकदी व जेवर बरामद किए जाए।

ये भी पढ़ें:- संभल: जयमाला के बाद दूल्हे की हरकत गुजरी नागवार, दुल्हन ने किया साथ जाने से इनकार

संबंधित समाचार