Kanpur Pollution News : हवा में बढ़ी दूषित कणों की मात्रा, AQI पहुंचा 199, जिम्मेदार कर रहे बड़े-बड़े दावे
Kanpur Pollution News कानपुर में प्रदूषण बढ़ता जा रहा है।
Kanpur Pollution News कानपुर में लगातार प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। हवा में दूषित कणों की मात्रा बढ़ने से एक्यूआई 199 पहुंचा है। जबकि जिम्मेदार विभाग सुधार कार्यों को लेकर दावा कर रहे हैं।
कानपुर, अमृत विचार। शहर के प्रदूषण की स्थिति सोमवार को भी ठीक नहीं रही। हालांकि मानकों के आधार पर खराब स्थिति से मात्र एक अंक कम होने की वजह से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पर्यावरण को संतुलित दर्शाया है। खराब एक्यआई के एक दम नजदीक स्थिति तब है, जब जिम्मेदार विभाग लगातार सुधार को लेकर तमाम दावे कर रहे हैं। वातावरण में दूषित कणों की मात्रा बढ़ती जा रही है।
मंडल मुख्यालय कानपुर में प्रदूषण की स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहे हैं। इस वजह से लगातार शहर की हवा खराब होती जा रही है। न ही सड़कों के गड्ढे ही भरे जा सके। न ही खराब और अन्य सड़कों पर उड़ने वाली धूल का ही उड़ना बंद किया जा सका है। दौड़ते वाहनों के बीच उड़ती धूल लगातार पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है।
लोनिवि, एनएचआई निर्माण विभाग के अधिकारी लगातार सुधार को लेकर दावा कर रहे हैं। धूल उड़ने की समस्या सबसे ज्यादा जाजमऊ रोड, एलआईसी चौराहे, विरहना रोड, साउथ क्षेत्र की कई सड़कों पर देखी जाती है। वहीं परिवहन विभाग को ठेंगा दिखाते सरकारी और निजी वाहन काले धुएं के साथ रफ्तार भरते दिखते हैं।
इससे भी काफी प्रदूषण हो रहा है। इसके अलावा कहीं पॉलीथिन को जलाकर प्रदूषण को बढ़ावा दिया जा रहा है तो वहीं नगर निगम गंदगी को लेकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है। नतीजा यह है कि सोमवार को भी खराब स्थिति के अंक 200 के नजदीक ही प्रदूषण की स्थिति रही।
लखनऊ-प्रयागराज से सुधार
औद्योगिक नगरी के प्रदूषण में राजधानी और प्रयागराज के मुकाबले काफी सुधार है। ये दोनों ही मंडल मुख्यालयों में प्रदूषण की स्थिति खराब है। जबकि एक्यूआई के आधार पर शहर की स्थिति संतुलित दर्शाई गई है। हालांकि सटे हुए मंडल मुख्यालयों में बरेली, झांसी और आगरा से कानपुर की स्थिति खराब है।
मंडलों में प्रदूषण की स्थिति
मंडल एक्यूआई
लखनऊ 236
प्रयागराज 211
कानपुर 199
झांसी 182
आगरा 181
बरेली 162
