कानपुर : बेटे के शव के पास फंदे पर झूलती मिली मां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बड़ा सवाल, मां ने बेटे को मारकर खुदकुशी की या हत्या हुई 

मृतका के भाई ने बहनोई पर लगाया मासूम और बहन की हत्या का आरोप

अमृत विचार, कानपुर। रावतपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत मसवानपुर इलाके में मंगलवार देर शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला, तो  पास में ही उसके डेढ़ साल के मासूम बेटे का शव भी पाया गया। घटना को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसके बहनोई ने बहन और भांजे की हत्या की है। जबकि पड़ोसियों का कहना है कि महिला ने बेटे को मारकर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। 

  मूल रूप से कानपुर देहात के करसासा गजनेर की रहने वाली सीमा (21) की शादी वर्ष 2019 में प्राइवेट नौकरी करने वाले विशाल से हुई थी। सीमा के भाई ने बताया कि दो दिन पूर्व जीजा विशाल उसकी बहन को लेकर एक शादी समारोह में गए हुए थे। जहां उन्होंने कई डांसरों के साथ डांस किया था।

उसकी बहन ने इस बात का विरोध किया था। बताया कि इसके बाद दोनों में घर जाकर मारपीट भी हुई थी। मंगलवार को उनके भांजे मनन को मारने के बाद बहन सीमा की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। ससुर मुन्नालाल की सूचना पर पहुंची  पुलिस और फोरेंसिक मामले की जांच कर रही है। घटना से लोग हतप्रभ हैं। मृतका सीमा के पिता विजय कुमार और मां कुसुमा का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

संबंधित समाचार