लखनऊ : भारत हस्तशिल्प महोत्सव में आज से बिखरेंगे विभिन्न संस्कृतियों के रंग

कश्मीरी, गुजराती, राजस्थानी, पंजाबी, दक्षिण भारतीय और अवधी- मुगलई व्यंजनों का मिलेगा जायका

लखनऊ : भारत हस्तशिल्प महोत्सव में आज से बिखरेंगे विभिन्न संस्कृतियों के रंग

अमृत विचार,लखनऊ। आशियाना स्थिति कांशीराम स्मृति उपवन में बुधवार से भारत हस्तशिल्प महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों के रंग बिखरेंगे। यहां ऊंट और घुड़सवारी के साथ ही कश्मीरी, गुजराती, राजस्थानी, पंजाबी, दक्षिण भारतीय और अवधी- मुगलई व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया जा सकेगा। आज से शुरू हो रहे इस पंद्रह दिवसीय आयोजन में रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रस्तुतियां के अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी शामिल होने का अवसर मिलेगा।

प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में आयोजन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव की थीम ''आत्म निर्भर भारत की ओर बढ़ते कदम'' है। इस दौरान कला संस्कृति, पर्यटन, हस्त शिल्प, वस्त्र, फर्नीचर, मसाले, हैण्डलूम-हैण्डी क्राफ्ट, आटोमोबाइल, बैंकिंग, पर्यटन विभाग उ.प्र. और नाबार्ड सहित अन्य क्षेत्रों के स्टाल आकर्षण का केंद्र होंगे।महोत्सव में वस्त्र मंत्रालय हैण्डीक्राफ्ट, पर्यटन विभाग , संस्कृति विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और नाबार्ड की सहभागिता रहेगी।

आयोजन में भारत टैलेंट हंट-2022 का आयोजन किया जायेगा। इसके तहत बच्चों व युवाओं की गायन, नृत्य, वादन, किड्स माॅडलिंग, मेंहदी, रंगोली, कबाड़ से जुगाड़, सिलाई, चित्रकला, निबंध लेखन, साइकिल रेस, खो-खो, कबड्डी, मिस्टर-मिस और मिसेज भारत प्रतियोगिता आयोजित होगी। उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने बताया कि 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों की विभूतियों को भारत हस्तशिल्प महोत्सव रत्न सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।

सांस्कृतिक संध्या में ख्याल नृत्य, रास नृत्य, झूला नृत्य, मयूर नृत्य, धोबिया नृत्य, चरकुला नृत्य, कठफोड़वा नृत्य, जोगिनी नृत्य, आल्हा-ऊदल गायन, राजस्थान का घूमर नृत्य, कालबेलिया नृत्य, तेराताली नृत्य, गेर नृत्य, पंजाब का गिद्दा-भांगड़ा, हरियाणा का झूमर नृत्य, बिहार का जाट जाटिन नृत्य, झारखंड का फगुआ नृत्य, करमा नृत्य, महारास्ट्र का लावणी नृत्य, दसावतार और डिंडी नृत्य, गुजरात का गरबा नृत्य के साथ अन्य राज्यों के लोक नृत्य और लोक गायन के कार्यक्रम होंगे।

इसके अलावा कवि सम्मेलन, मुशायरा, जादू, कठपुतली, बिरहा और आल्हा के कार्यक्रम होंगें। इसके अलावा फूड जोन में कश्मीरी, राजस्थानी, पंजाबी, साउथ इंडियन, गुजराती, चाइनीज, अवधी-मुगलई के अलावा देशी बाटी चोखे के स्टाल आकर्षण के केन्द्र होंगे। । प्रेसवार्ता में प्रिया पाल, पवन पाल, कृष्णानन्द राय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।