अयोध्या: सामुदायिक शौचालय बदहाल, कहीं लटका ताला तो कहीं टंकी गायब 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, जाना बाजार, अयोध्या।  ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों रुपये की लागत से बनाए गए सामुदायिक शौचालय शोपीस बनकर रह गए हैं। विकासखंड तारुन क्षेत्र के ग्राम पंचायत खपराडीह में बना सामुदायिक शौचालय पर ताला लटका हुआ है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।  
    ग्राम पंचायत मजरा कनुआपुर ढींगरा तालाब के समीप बने सामुदायिक शौचालयों का भी हाल कुछ ऐसा ही है, यहां भी ताला लटका हुआ है। यहां पर पानी की समुचित व्यवस्था के लिए सबमर्सिबल तो लगा है, लेकिन बिजली की व्यवस्था न होने से यह भी शोपीस बनकर रह गया है। शौचालय पर लगने वाली पानी की टंकी गायब है। आसपास घास फूस झाड़ियों सहित गंदगी का अंबार है। यह हाल तब है जब विगत दिनों सीडीओ अनीता यादव ने आदेश दिया था कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिदिन 4 बजे से लेकर रात 9बजे तक सभी सामुदायिक शौचालय खुले रहेंगे, लेकिन उच्च अधिकारी का आदेश इस ग्राम पंचायत के लिए हवा हवाई साबित हो रहा है। 

...तब बहुत हुई थी खुशी 
ग्रामवासियों का कहना है कि शौचालय बनने से बड़ी खुशी हुई थी, लेकिन जब से यह शौचालय बना है तब से अभी तक एक भी व्यक्ति को इसका लाभ नहीं मिला है। केवल शो पीस बना हुआ है। इस संबंध में जब एडीओ पंचायत तारुन उमाशंकर सिंह से जानकारी की गई तो उन्होंने तो व्यस्तता का हवाला देकर फोन काट दिया

संबंधित समाचार