सुल्तानपुर: घूसखोर एएओ पर दर्ज होगा मुकदमा,  डीडीओ की जांच में सत्यता मिलने के बाद प्रभारी बीएसए ने दी तहरीर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार सुल्तानपुर। समग्र शिक्षा अभियान में ब्लाक संसाधन केंद्रों पर क्वालिटी कोआर्डिनेटर की नियुक्ति के मामले में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी रामयश यादव पर घूसखोरी आरोप लगा है। डीडीओ अजय कुमार पांडेय की जांच में दोषी पाए जाने के बाद प्रभारी बीएसए/खंड शिक्षाधिकारी दूबेपुर बलदेव यादव ने कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। 

बीते 16 नवंबर को जिले के 14 ब्लाक व एक नगर संसाधन केंद्रों पर क्वालिटी कोआर्डिनेटर के लिए साक्षात्कार बुलाया गया था। साक्षात्कार के लिए सीडीओ अंकुर कौशिक और बीएसए दीपिका चतुर्वेदी समेत चार सदस्यीय कमेटी ने अभिलेखों की जांच में समग्र शिक्षा अभियान के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी रामयश यादव भी शामिल थे। इस भर्ती प्रक्रिया में 256 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। पर, 209 अभ्यर्थियों का आवेदन निरस्त कर दिया गया था। साक्षात्कार के लिए कुल 47 अभ्यर्थी बुलाए गए थे। जिसमें 37 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। आरोप है कि एएओ ने अभ्यर्थियों को फोन करके बुलाया और नियुक्ति दिलाने के बदले करीब 70 हजार रुपये की मांग की। जिस अभ्यर्थी से पैसा मांगा गया था उसने सीडीओ अंकुर के वाट्सएप पर लिखित शिकायत की थी। 

शहर के तिराहे पर बुलाए जाते थे अभ्यर्थी 
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि अभ्यर्थियों को शहर के किसी तिराहे पर स्थित रेस्टोरेंट पर बुलाया जाता था। जिसके बाद उनकी मोबाइल को स्वीच ऑफ करा दिया जाता था। तब लेनदेन की बात सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी के द्वारा की जाती थी। इस पूरे मामले में एएओ के साथ एक और कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध है। इस बात की पुष्टि करते हुए सीडीओ अंकुर कौशिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद एएओ पर कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि बीईओ दूबेपुर की तहरीर पर एएओ रामयश यादव पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। 

मुझे फंसाया जा रहा हैः एएओ 
एएओ रामयश यादव ने बताया कि उन्हें पूरे मामले में जान बूझकर फंसाया जा रहा है। जिसे शिकायतकर्ता बताया जा रहा है उसने मेरे पक्ष में शपथपत्र दिया है। मैंने अपना जवाब शिकायतकर्ता के शपथपत्र के साथ डीएम को दे दिया है। जिलाधिकारी की ओर से बनाई गई जांच कमेटी के समक्ष पूरा पक्ष रखूंगा। 

संबंधित समाचार