लखनऊ : ऑपरेशन मुस्कान में बरामद किए गए 284 गुमशुदा
अमृत विचार, लखनऊ। खोए हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलवाने के लिए यूपी पुलिस की ओर से शुरू किया गया ऑपरेशन मुस्कान बेहद कारगर साबित हो रहा है।
ऑपरेशन मुस्कान की बदौलत पिछले चार माह में महज लखनऊ पूर्वी जोन में 284 गुमशुदा लोगों को बरामद करते हुए उनके परिजनों से मिलवाया गया।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पूर्वी जोन प्राची सिंह ने बताया कि पूर्वी जोन के विभिन्न थानों में विगत वर्ष 2017 से दर्ज हुए गुमशुदगी के मामलों में ऑपरेशन मुस्कान के तहत कार्रवाई करते हुए पिछले महज 4 माह में कुल 284 गुमशुदा लोगों को बरामद किया गया है।
इनमें कई नाबालिग भी शामिल हैं। डीसीपी प्राची सिंह ने बताया कि कैंट सर्किल में सर्वाधिक 121 लोगों को बरामद किया गया है। इसके अलावा गोमती नगर सर्किल में 93 और विभूतिखंड सर्किल में 70 लोगों को बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है।
