Kanpur Central Station गेट नंबर एक में आसानी से प्रवेश कर सकेंगे वाहन, DRM ने स्टेशन का निरीक्षण कर दिए निर्देश
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर निरीक्षण करते डीआरएम।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन के गेट नंबर एक में आसानी से वाहन प्रवेश कर सकेंगे। डीआरएम ने स्टेशनों का निरीक्षण कर निर्देश दिए है। वहीं, स्टेशन के आसपास अवैध कब्जे को भी हटाने के लिए कहा है। साथ ही सड़क और गेट को दुरुस्त करने के निर्देश दिए है।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर सेंट्रल के गेट नंबर एक पर टूटी सड़क दुरुस्त होगी। गेट में सुधार होगा। जिससे वाहन आसानी से प्रवेश कर सकें। स्टेशन के आसपास अवैध तरीके से रह रहे लोगों को हटाया जाएगा। डीआरएम मोहित चंद्रा ने यह निर्देश स्थानीय अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन सुधार कार्यों को लेकर तेजी लाएं, जिससे यात्रियों के लिए सुविधा रहे।
डीआरएम मोहित चंद्रा ने बुधवार को कानपुर सेंट्रल, गोविंदपुरी, भीमसेन और अनवरगंज स्टेशन का निरीक्षण किया। सेंट्रल स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों को जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। ट्रैक पर पानी न भरे, इसके लिए लीकेज ठीक करने को कहा।
डीआरएम ने सेंट्रल के गेट नंबर एक का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सड़कों की हालत ठीक नहीं होने पर निर्माण अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाहरी वाहन गेट नंबर एक में प्रवेश करते हैं। यहां गेट और सड़क को ठीक किया जाए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सेंट्रल स्टेशन के आसपास अवैध कब्जों पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोग कब्जा कर रह रहे हैं, इन्हें हटाने में परेशानी आती है। इसलिए आरपीएफ पहले से ही सतर्क रहे। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों को हटवाया जाए, जिससे विकास कार्यों को लेकर कोई परेशानी न आए। स्टेशन में प्रवेश व निकासी द्वार को देखा।
इसके बाद डीआरएम भीमसेन, गोविंदपुरी, अनवर गंज स्टेशन का भी जायजा लिया। सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए जो विकास कार्य चल रहे हैं, उनमें भी तेजी लाएं। इस दौरान डिप्टी सीटीओ आशुतोष सिंह, स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार तिवारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।
