केशव मौर्य ने सपा पर बोला हमला, कहा- गुंडागर्दी करने वालों के लिए बाबा जी का बुलडोजर तैयार है

केशव मौर्य ने सपा पर बोला हमला, कहा- गुंडागर्दी करने वालों के लिए बाबा जी का बुलडोजर तैयार है

इटावा, ताखा। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में रविवार काे ऊसराहार के रामलीला मैदान में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर जमकर हमला बोला। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा मुस्लिमों को भी भाजपा पर भरोसा हो रहा है, यादव समाज भी हमारे साथ जुड़ रहा है। इज्जत बचाने को लिए चाचा-भतीजा एक हो गए हैं। इसके बाद भी मैनपुरी हारने जा रहे हैं। जनसभा में केशव प्रसाद मौर्य ने उन्होंने केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं के बखान के साथ प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जोर दिया।

सपा शासन में गुंडाराज होने का जिक्र कर मतदाताओं की नब्ज थामने का प्रयास किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार भाजपा मैनपुरी को कैद से मुक्त करने जा रही है। यह चुनाव लोगों के विकास का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। भाजपा ने रामपुर, आजमगढ़, फिरोजाबाद, बदायूं में जनता के दम पर सपा को पराजित किया। अब मैनपुरी लोकसभा चुनाव की बारी है, यहां की जीत वहां से भी सरल है। 

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की सरकार में प्रशासन के सहारे गुंडागर्दी होती थी। बूथ लूट लिए जाते थे। लोग सपा के शासन से आतंकित थे। परंतु अब योगीजी की सरकार है, जिसमें गुंडागर्दी का खात्मा हो गया है। आजम खान पर कहते हुए कहा कि एक चचा रामपुर में आंसू वहा रहे है और दूसरे चचा भी आंसू बहायें।

विकास लक्ष्मी से होता है और लक्ष्मी जी साइकिल से नहीं आती वह तो कमल पर बैठकर आती है, इसलिए हर वर्ग भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को वोट करने जा रहा है। इससे उनको हार दिख रही है, इसलिए सब एक हो गए हैं। जो लोग पहले हाथ हिलाकर लोगों को खड़ा छोड़ जाते थे, आज गली-गली वोट मांग रहे हैं। यह सब किसी काम नहीं आने वाला। मैनपुरी सीट पर जीत हासिल कर भाजपा इतिहास रचेगी।

इस मौके पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, राजमंत्री अजीतपाल, सांसद डा. रामशंकर कठेरिया, जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, विधायक महेश त्रिवेदी, सरिता भदौरिया, पूनम शंखवार, सुरेन्द्र मैथानी, गुडिया कठेरिया, लाखन सिंह राजपूत, शिवप्रसाद यादव, मुकेश यादव, डा. रमाकांत शर्मा, ज्ञानेन्द्र अवस्थी, विवेक शाक्य, प्रशांत मिश्रा, राहुल राज सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: प्रधान ने कहा- बंद कर देंगे मिड डे मील, जानें क्या है मामला