स्वस्थ शरीर में ही निवास करता है स्वस्थ मस्तिष्क :कुलपति
एथलेटिक्स पुरूष व महिला प्रतियोगिता शुरू
अमृत विचार, अयोध्या। डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की 41वीं अंतर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स पुरूष एवं महिला प्रतियोगिता गुरुवार से शुरू हुई। उदघाटन मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम डाभासेमर में चल रही है।
इस मौके पर कुलपति ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। शारीरिक क्रियाएं मानसिक तत्परता पर आधारित होती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश तिवारी ने कहा कि खेल में खेल भावना का बहुत महत्व होता है। इससे हमें अनुशासन सीखने को मिलता है। क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. जसवंत सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया। संबद्ध महाविद्यालयों की पुरुष वर्ग एवं महिला वर्ग की टीमें प्रतिभाग कर रहीं हैं।
आयोजन सचिव डॉ. आशीष प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मुख्य नियंता प्रो. अजय प्रताप सिंह, कुलसचिव उमानाथ, सहायक कुलसचिव रीमा श्रीवास्तव, साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अभय कुमार सिंह, राजा मोहन बालिका महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजूषा मिश्रा समेत विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य व शिक्षक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -बहराइच के चार ब्लॉक में सुस्त पड़ी आयुष्मान भारत योजना, जानिए क्या है बड़ी वजह
