अयोध्या: शिक्षाधिकारियों के पत्र पर भी कोषागार का वेतन देने से इनकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्य कोषाधिकारी पर लगाया हठधर्मिता का आरोप

अमृत विचार, अयोध्या। जनपद के अशाकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में वर्ष 2000 के बाद नियुक्त तदर्थ शिक्षकों को वेतन भुगतान पर कोषागार की ओर से लगायी गयी रोक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 

संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से वेतन भुगतान के लिए भेजे गये पत्र के बाद भी मुख्य कोषाधिकारी द्वारा वेतन भुगतान न किये जाने को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को उप कोषाधिकारी से मिलकर वेतन भुगतान की मांग की। शिक्षक नेताओं ने कोषाधिकारी पर अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए  आंदोलन की चेतावनी दे दी है। 

गुरुवार को माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल मण्डलीय अध्यक्ष रामानुज तिवारी के नेतृत्व में उपकोषाधिकारी गणेश दत्त पाण्डेय से मिला। शिक्षक नेताओं ने बताया कि मुख्य कोषाधिकारी वेतन भुगतान न करने का मन बना लिये हैं और कारण भी नहीं बताते हैं। जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से लगभग तीन सप्ताह पहले प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा के निर्देश पर वेतन बिल निदेशक माध्यमिक शिक्षा के दूरभाष वार्ता क्रम में भेजा जा चुका है। जिला विद्यालय निरीक्षक व संयुक्त शिक्षा निदेशक की ओर से सीटीओ को वेतन भुगतान के लिए पत्र भेजा जा चुका है। 

जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह भी लिखा है कि वेतन भुगतान करने पर उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवमानना नहीं हो रही है लेकिन मुख्य कोषाधिकारी के हठधर्मिता के कारण पिछले पांच माह से वेतन खाते में हस्तांतरित नहीं हो पा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मुख्य कोषाअधिकारी द्वारा वेतन खाते में हस्तांतरित नही किया जाता है तो मुख्य कोषाअधिकारी के खिलाफ व्यक्तिगत रूप से उच्च न्यायालय की शरण में जाने को बाध्य होंगे। साथ ही संगठन आमरण अनशन और धरना करने के लिए बाध्य होगा। प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री आलोक तिवारी, सुशील कुमार शुक्ल, अनुरूध मिश्रा, राकेश पाण्डेय, महेन्द्र सिंह, दीपक श्रीवास्तव, दीपक मिश्रा, आलोक पाण्डेय, आशीष श्रीवास्तव मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -अयोध्या रेलवे स्टेशन पर बनेगा देश का सबसे बड़ा एयर कॉनकोर्स

संबंधित समाचार