रामपथ चौड़ीकरण: पर्चाशुदा जमीन के हम मालिक ही नहीं तो बैनामा कैसे?
चरणबद्ध आंदोलन चलाने पर बैठक में बनी सहमति
अमृत विचार, अयोध्या। रामपथ चौड़ीकरण के चलते अधिग्रहण के दायरे में आए व्यापारियों ने गुरुवार को साहबगंज स्थित रामजानकी मंदिर में बैठक की। सवाल उठा कि प्रशासन के मुताबिक जब हम पट्टा व पर्चाशुदा जमीन के मालिक ही नहीं हैं तो सड़क चौड़ीकरण के लिए सहमति और बैनामा किस हक से करेंगे। व्यापारियों ने किसी भी कागजात पर हस्ताक्षर न करने और चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है।
सहादतगंज से नयाघाट तक बनने वाले रामपथ के चौड़ीकरण को लेकर प्रभावित व्यापारियों ने अधिग्रहण की प्रक्रिया पर चिंता जताई। कहा कि शासन-प्रशासन ने किसी को यह नहीं बताया और दिखाया कि मार्ग में कहां क्या बनेगा। असल में चौड़ाई कितनी होगी। क्या-क्या योजनाएं और व्यवस्थाएं की जानी हैं। एक तरफ प्रशासन कह रहा है कि हम पट्टा व पर्चाशुदा जमीन के मालिक नहीं हैं तो फिर किसी आधार पर लिखित सहमति और बैनामा लेने की बात की जा रही है। सरकार व प्रशासन की मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शांतिपूर्ण ढंग से चरणबद्ध आंदोलन होगा। व्यापारी किसी सरकारी प्रपत्र पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे और न ही अपनी सहमति देंगे। प्रथम चरण में शुक्रवार सुबह दुकानदार अपनी दुकान व प्रतिष्ठान बंद कर रामजानकी मंदिर के सामने प्रदर्शन करेंगे। व्यापारी नेता मनोज जायसवाल ने हर संघर्ष में साथ लेने की बात कही। बैठक में पाटनदीन गुप्त, बसंत गुप्त, चंद्रकांत साहू, सुभाष गुप्त, संदीप श्रीवास्तव, रमेश जायसवाल, अनुज, मुकेश, अनुभव, आरके यादव, अशोक सिंह, संतोष मोदनवाल मौजूद रहे।
नगर आयुक्त से मिलेंगे अयोध्या के प्रभावित व्यापारी
रामपथ चौड़ीकरण को लेकर बुलडोजर चलने के बाद गुरुवार को व्यापारियों ने तुलसी उद्यान में बैठक की। बैठक में मुआवजा बढ़ाने, डीपीआर के अनुरूप कार्ययोजना तथा 15 दिसंबर तक मोहलत की मांग को लेकर नगर आयुक्त तथा जिला प्रशासन से मुलाकात करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सड़क की कुल चौड़ाई 20 मीटर होने की बात कह रहे हैं जबकि प्रशासन ने बुलडोजर लगवा कर नयाघाट क्षेत्र में निर्माण 30-35 मीटर तोड़वा दिया। जिला प्रशासन ने 15 तक व्यापारियों को मोहलत दी थी बावजूद इसके मनमाने ढंग से तोड़फोड़ शुरू कर दिया गया। व्यापारी नेता नंद कुमार गुप्त नंदू ने बताया कि बुलडोजर से तोड़े जा रहे मकानों को रोकने, व्यापारी व मकान मालिकों के बीच सामंजस्य के लिए समिति के गठन तथा उचित मुआवजे के निर्धारण के लिए शुक्रवार को व्यापारियों का एक दल अयोध्या के जिला प्रशासन और प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह से मुलाकात करेगा। इस अवसर पंकज गुप्त, बालकृष्ण वैश्य, विजय साहू, बृज किशोर पांडे, अवधेश यादव, विनोद पाठक, अश्वनी गुप्त, प्रेम सागर मिश्र, नंदलाल गुप्त सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: जिला अस्पताल में भी लटका ताला, सिर्फ महिला हॉस्पिटल में हो रहा अल्ट्रासाउंड
