डबल फाटक पुल : शुक्र मनाइये कोई परेशानी न आए

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

गायब है आधे पुल की रेलिंग, कोहरे में होती है दिक्कतें, पुल से हर दिन हजारों दो-चार वाहनों की आवाजाही

मुरादाबाद,अमृत विचार। संभल फाटक से करूला क्षेत्र को जोड़ने वाला पुल खस्ताहाल है। पुल की उम्र 38 साल हो चुकी है। टूटे स्लैब और कमजोर दिखने वाली रेलिंग हर दिन हजारों को डराती है। मगर पुल की मरम्मत करने वाले नींद में हैं। मौसम ठंडक, गर्मी या बरसात का हो, इस पर आवागमन का दबाव बराबर रहता है। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में पुल हादसे के बाद भी विभाग के अधिकारी सबक नहीं ले रहे हैं। लगता है कि कहीं यह भारी न पड़ जाए। 

600 मीटर लंबे इस पुल की आधी रेलिंग गायब हो चुकी है। सबसे अधिक दिक्कत बरसात और ठंड में कोहरे के दौरान होती है। कोहरे में इसकी टूटी रेलिंग न दिखने से किसी के साथ भी अनहोनी हो सकती है। टूटी रेलिंग पर कोई इंडीकेटर भी नहीं हैं, जिससे वाहन चालक सतर्क हो जाएं। पुल की आधी रेलिंग गायब होने से कई बार हादसा हो चुका है। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग चुप है। संकरे पुल के बीच में यातायात नियंत्रण के लिए डिवाइडर लगाया गया है। रेलिंग न होने से डिवाइडर की साइड से वाहन चलते हैं, रात के अंधेरे में वाहनों के टकराने से हादसे होते हैं। 

चिंता की बात यह है कि मुरादाबाद से संभल जिले को शहर से जोड़ने वाले इस पुल से दो लाख की आबादी का सीधा सरोकार है। करूला के रहने वाले नागरिक इस पुल को चौड़ा और मरम्मत करने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। सुबह से शाम तक मैजिक, कार, मेटाडोर, आटो, ई-रिक्शा व दो पहिया वाहन गुजरते हैं। इसके जर्जर होने से कभी हादसे हो सकते हैं। 

सीढ़ियां भी हो चुकी है क्षतिग्रस्त
 पुल की सीढ़िया भी क्षतिग्रस्त हैं। इसके लिंटर खोखला होने से पैदल चलने वालों के पैर फंस रहे हैं। लगभग तीन साल पहले यहां सड़क के बीच पैर फंसने से एक महिला का पैर भी टूट गया था। बीते दिनों रेलिंग टूटी होने से बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। गनीमत रही कि ढाल के पास कम ऊंचाई होने से उस दोपहिया चालक की जान बच गई। फिलहाल पीडब्ल्यूडी ने इस पुल को लावारिस हालत में छोड़ दिया है।

पुल की हालत काफी जर्जर है। हजारों लोग पुल से दिन-रात आवागमन करते हैं। जो कि कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं। कई बार जिला प्रशासन से शिकायत कर पुल को चौड़ा करने की मांग कर चुके हैं। लेकिन अधिकारियों के सेहत पर फर्क नहीं पड़ा। -मोहम्मद आबिद, करूला निवासी

पुल की रेलिंग टूट चुकी है। अभी आगे कोहरा पड़ेगा, जिससे टूटी हुई रेलिंग दिखाई न देने पर हादसे हो सकते हैं। कई बार जर्जर पुल के लिए सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग में लिखकर दिया है, लेकिन कोई सुध नहीं ली गई। -मोहम्मद जमाल, करूला 

पिछले दिनों संभल पुल की मरम्मत कराई गई। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बोर्ड लगा दिए गए है। अब मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार किया गया है। बजट मिलते ही मरम्मत कराएंगे। - ज्ञान गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग

ये भी पढ़ें :  समय के रंग...कड़कती आवाज और मूछों पर ताव वाले इकराम कुरैशी थे गुमसुम

संबंधित समाचार