'उत्तर प्रदेश देश का सबसे सुरक्षित प्रदेश बन गया', मुरादाबाद पहुंचे सीएम योगी ने प्रबुद्धजन सम्मेलन को किया संबोधित
घरेलू और वैश्विक बाजार में मुरादाबाद का 25000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार, मुख्यमंत्री ने 424 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया
मुरादाबाद,अमृत विचार। पीतलनगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को दिल्ली रोड पर बुद्धि विहार मैदान में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे सुरक्षित प्रदेश बन गया है। यहां के अपराधी या तो जेलों में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। अपराध, गुंडागर्दी के लिए उत्तर प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। वहीं मुख्यमंत्री ने 424 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने पीतलनगरी में प्रबुद्धजनों के सम्मेलन में उपस्थित होने को खुद का गौरव बताया।

उन्होंने कहा कि घरेलू और वैश्विक बाजार में 25000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार केवल मुरादाबाद से होता है। यहां के शिल्पी और कारीगर विश्व पटल पर छाने में समर्थ हैं। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य पांच वर्ष पहले प्रदेश में नारकीय स्थिति में था जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो इसको गति मिली। पूर्ववर्ती सपा सरकार ने योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन में रोड़े अटकाए। लेकिन भाजपा कार्यकाल में स्थितियां पूरी तरह बदल गई हैं। एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर से पूरा शहर कैमरे की निगरानी में रहेगा। इससे शहर में अपराध नियंत्रण भी होगा। एक चौराहे पर अपराध करने वाला अगले चौराहे पर ढेर होगा या पुलिस के शिकंजे में होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 37000 गरीबों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मुरादाबाद में मिला है। जबकि प्रदेश में 45 लाख से अधिक पात्रों को इसका लाभ मिला है। प्रदेश में नौ लाख ब्याज मुक्त रोजगार के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ मिला है। कहा जिले में उद्योगों की भट्टियों को अब सीएनजी से संचालित किया जाएगा। यहां 14-15000 करोड़ रुपये का निर्यात पहुंच गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश जल्द ही देश में व्यवसाय के क्षेत्र में नंबर एक होगा। उद्यमियों को सरकार सुरक्षा और सुविधा देने को प्रतिबद्ध है। दंगा कराने और भड़काने वाले अपराधी और माफिया या जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट फरवरी में लखनऊ में होगा। इसमें विश्व भर के औद्योगिक इकाइयों के लोग आएंगे। प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डालर की होगी और देश की अर्थव्यवस्था जल्द ही पांच ट्रिलियन हो जाएगी।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे सुरक्षित प्रदेश बन गया है। इसके लिए प्रबुद्धजनों के माध्यम से सकारात्मक माहौल बनाना है। इसका लाभ जनता जनार्दन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना से सबसे बेहतर तरीके निपटने में सफल रही है।

उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि आपकी भूमिका डबल इंजन सरकार के साथ ट्रिपल इंजन के रूप में है। इसका लाभ शिक्षाविदों, चिकित्साविदों को मिलकर प्रदेश की जनता को दिलाने के लिए संकल्पित हों। अंत में मुख्यमंत्री को नगर विधायक ने स्मृति चिह्न भेंट किया और जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रशासन सिंह की ओर से सम्मान चिह्न दिया। सम्मेलन की अध्यक्षता शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डा. राकेश कुमार सिंह ने किया।

महापौर विनोद अग्रवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि 350वें से मुरादाबाद नगर नगर निगम स्मार्ट सिटी की रैंक में 85वें स्थान पर आ गया है। 36 परियोजनाओं में 350 करोड़ रुपये की 18 परियोजनाएं पूरी हो गई हैं। दो परियोजनाओं एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, ई बाइक शेयरिंग का आप खुद आप लोकार्पित कर रहे हैं। आयोजन में विधायक रितेश गुप्ता, पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, जयपाल सिंह व्यस्त,जिलाध्यक्ष डा. राजपाल सिंह चौहान आदि मौजूद थे।
ये भी पढ़ें : डबल फाटक पुल : शुक्र मनाइये कोई परेशानी न आए
