लखनऊ: नगर निगम कार्यालय की छत से व्यापारी ने लगाई छलांग, जानिये क्या है मामला
लखनऊ, अमृत विचार। आलमबाग थाना क्षेत्र के चन्दर नगर स्थित नगर निगम कार्यालय जोन-पांच की छत से दुकान सील करने पर दुकानदार ने छलांग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामले की जांच कर रही है।
रामनगर निवासी संतराम विश्वकर्मा ने बताया कि वह यहां परिवार संग रहते हैं। उनके घर में दो दुकानें संचालित होती हैं। उनका नगर निगम में पांच लाख गृहकर बकाया है। दीपावली के पहले उन्होंने दो लाख रुपये जमा किया था। बावजूद इसके शुक्रवार सुबह नगर निगम की टीम ने उन्हें कोई सूचना दिए दोनों दुकानों को सील कर दिया। जब वह दुकान खोलने गए देखा दोनों दुकाने सील थी। जिससे गुस्साये संतराम ने जमा की गई धनराशि की रसीद लेकर अपने छोटे भाई संतदीन के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे। वहां मौजूद जोनल अधिकारी ने कहा जब तक पूरा पैसा जमा नहीं कराया जाएगा तब-तक दुकान नहीं खोली जाएंगी। जिससे सदमे में आकर संतराम ने निगम कार्यालय की छत से छलांग लगा दी। घटना के बाद नगर निगम अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए और घायल के दुकान की सील खोलवा दी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: सीबीआई रिमांड पर भेजे गए उत्तर रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर
