बाराबंकी: जनातियों-बरातियों में विवाद, वापस लौटी बारात, नर्तकियों की अदाओं ने डाला आग में घी

बाराबंकी: जनातियों-बरातियों में विवाद, वापस लौटी बारात, नर्तकियों की अदाओं ने डाला आग में घी

अमृत विचार, जहांगीराबाद, बाराबंकी। डीजे पर फूहड़ गाना बजाने की मांग पूरी नहीं हुई तो बरातियों और जनातियों में ठन गई। धीरे-धीरे इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि मामला थाने में पहुंच गया। विवाद की इस चिंगारी की वजह से रिश्ता होने से पहले ही टूट गया। यही वजह है कि अयोध्या जिले के मवई से आई बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री का विवाह अयोध्या जनपद के मवई कस्बा निवासी एक युवक के साथ तय किया था। शुक्रवार की रात परंपरा के अनुसार बारात लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंची थी। द्वार पूजा धूमधाम से हो रहा था। बारात में बज रहे डीजे की धुन पर थिरक रही नर्तकियों को लेकर जनातियों और बारातियों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि वर पक्ष ने विवाह करने से मना कर दिया और बारात बैरंग वापस लौट गई।

बड़ी बहन ने बताया कि वह पांच बहनें हैं। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। तीनों मिलकर अपनी छोटी बहन की शादी का खर्च उठा रही थी। हालांकि लड़की के पिता ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि हिंदू रीति रीवाज से तिलक संपन्न हुआ था जिसमें उसने पांच हजार की नकदी व एक सोने की अंगूठी दी थी। दूल्हे के पिता मोटर साइकिल की मांग कर रहे थे, दहेज में मोटर साइकिल न मिलने व विवाद होने से नाराज होकर वह बारात लेकर वापस चले गए।

Image Amrit Vichar(28)

जहांगीराबाद पुलिस के मुताबिक मवाई निवासी दूल्हे के परिजनों से बात की गई है उनका आरोप है कि दूल्हे व रिश्तेदारों को मारपीट कर बेज्जत किया गया। थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि दहेज को लेकर बारात बैरंग वापस चली गई थी, लड़की पक्ष से तहरीर मिली है। दूल्हे को बुलाया गया। समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा है।    

पिया की आस में सूख गए आंसू
दहेज व विवाद के कारण बारात वापस लौट जाने की जानकारी होते ही दुल्हन के परिवार में रोना धोना मच गया। शादी का जोड़ा पहने बैठी दुल्हन पिया की आस में रात भर आंसू बहाती रही कि उसके पिया आएंगे और उसे डोली में बिठा कर ले जाएंगे। मगर वह नहीं आए और सुबह तक दुल्हन के रोते-रोते आंसू सूख गए। शनिवार को दुल्हन थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि यदि मेरी शादी उसी से नहीं हुई तो वह जहर खा लेगी।

यह भी पढ़ें:-सहारनपुर में मंत्री जसवंत सैनी ने बांटे छात्रों को स्मार्ट फोन और टेबलेट, कहा- सरकार ने अपना वचन पूरा किया