संभल: जिलाधिकारी के न पहुंचने पर मायूस हुए शिकायतकर्ता, संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 120 शिकायतें... पांच का ही निस्ताराण
सबसे ज्यादा राजस्व विभाग की 59 शिकायतें
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। दिसंबर के पहले शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें सीडीओ ने लोगों की शिकायतों को सुना और अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने को निर्देशित किया। इसमें 120 शिकायतें दर्ज हुईं। जिसमें सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग की रहीं और पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। जिलाधिकारी के नहीं पहुंचने पर शिकायतकर्ता मायूस हो गए।
शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के आने की जानकारी होने पर सुबह 10 बजे से शिकायतकर्ता पहुंचने शुरू हो गए। तहसील परिसर में शिकायतकर्ताओं की भीड़ जुट गई। इस दैरान सभी विभागों के अधिकारी व उनके प्रतिनिधि संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। लेकिन जिलाधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस में नहीं पहुंचे। उनके न आने की सूचना पाकर शिकायतकर्ताओं का पहुंचना कम हो गया।
वहीं अन्य विभागों के अधिकारी भी मोबाइल व बातों में लगे नजर आए। कुछ शिकायतकर्ताओं ने प्रार्थना पत्र देकर तो कुछ ने विरोध प्रदर्शन करके अपनी शिकायत को लेकर प्रार्थना पत्र दिए। सीडीओ कमलेश सचान ने संपूर्ण समाधान दिवस में आई राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, नगर पालिका, पूर्ति विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और राजस्व विभाग की पांच शिकायतों का मौके पर भी निस्तारण कर दिया। बाकी शेष बची शिकायतों को संबंधित विभाग के उपस्थित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण का आदेश दिया।
सीडीओ ने कहा कि ने कि सभी अधिकारी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनका समय से निस्तारण करें। संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न होने तक राजस्व विभाग की 59, पुलिस की 26, बिजली की 6, चकबंदी की 10, विकास की 6, डूडा की 1, नगर पालिका की 5, नलकूप की 1 व डीएसओ की 4, स्वास्थ्य विभाग की 2 शिकायतें दर्ज हुईं।
वहीं तहसील क्षेत्र के गांव धमरपुर रत्ता निवासी हरी सिंह, शिवऔतार, रुपेंद्र शर्मा, तेजपाल सिंह, ओमवीर सिंह, अशोक कुमार आदि ने ग्राम प्रधान पति पर सरकारी शौचालय के टैंक को तोड़कर उसमें मिट्टी डालकर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाकर अधिकारियों से जांच की मांग की।
साथ ही आरोपी पर कार्रवाई कर कब्जा हटवाने की मांग की है। वहीं नगर के बडा महादेव, तेलियान मुहल्ला निवासी मुकेश कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर बार- बार शिकायत के बाद भी उसकी जमीन पर नाम दर्ज कराने के लिए मांग कर चुका है, लेकिन शिकायत के बाद भी उसका नाम दर्ज नहीं किया गया है, जबकि अधिकारियों ने कुछ भू-माफिया से साठ गांठ कर सुविधा शुल्क लेकर उनके नाम दर्ज दिए हैं। उसकी मांग है कि फर्जी तरीके से दर्ज हुए नाम को हटाकर उसका नाम दर्ज किया जाए। इस दौरान सीएमओ तरन्नूम रजा, उपजिलाधिकारी राजपाल सिंह, सीओ दीपक तिवारी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: बाइक सवार मजदूरों को ट्रक ने रौंदा, मौत
