बहराइच: गाय के झुंड से टकराकर बाइक सवार पंचायत सहायक की मौत, बहनोई घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाबागंज के निकट कोहरा अधिक होने से हुआ हादसा 

अमृत विचार, रुपईडीहा /बहराइच। रुपईडीहा-नानपारा हाईवे पर बीती रात सड़क पर बैठी गायों के झुंड से टकराकर बाइक सवार पंचायत सहायक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि बाइक पर पीछे सवार बहनोई गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को नानपारा के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाते ही परिवार में कोहराम मच गया।     

रुपईडीहा थाना अंतर्गत बघमरवा दौलतपुर गांव निवासी 28 वर्षीय पंचायत सहायक राजकुमार उर्फ करिया सोनकर पुत्र मिश्री लाल सोनकर अपनी बाइक से शिवपुर बाजार क्षेत्र के सेखनपुरवा गांव में अपनी बुआ के यहां गया था। वहां से शनिवार की रात लगभग 9:30 बजे राजकुमार अपनी बाइक पर बहनोई रानू सोनकर (35) पुत्र कधई लाल सोनकर निवासी दुविधापुर बाबागंज को पीछे बिठाकर घर लौट रहा था। जब बाइक सवार पंचायत सहायक बहनोई के साथ नानपारा- रुपईडीहा हाईवे पर बाबागंज कस्बे के पहले स्थित धर्म कांटा के पास पहुंचा तो कोहरा अधिक होने से सड़क पर बैठी गायों टकरा गया। 

सिर में चोट लगने से पंचायत सहायक राजकुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी जबकि बहनोई रानू सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गये। जिनका इलाज चल रहा है। मृतक करिया सोनकर के शव को रात में ही उनके परिवार के लोग घर ले आये शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें -  बहराइच: एसपी ने ली थानाध्यक्षों की क्लास, भारत-नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरतने के दिए टिप्स

संबंधित समाचार