बहराइच: एसपी ने ली थानाध्यक्षों की क्लास, भारत-नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरतने के दिए टिप्स
अमृत विचार, बहराइच। पुलिस अधीक्षक ने बहराइच की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए रविवार को पुलिस लाइन के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक करते हुए थानों की नब्ज टटोली। अक्टूबर माह में टॉप बॉटम रहे थानों के थानाध्यक्षों की क्लास लगी वहीं भारत नेपाल सीमा से सटे थानों के थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के एसपी ने टिप्स सुझाए।
बहराइच जिले का कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने रविवार को पहली बार जिले के सभी थानों के थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर थानावार अपराध की स्थिति जांची। एसपी ने थानों की समीक्षा करते हुए कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी को समुचित सम्मान प्रदान करते हुए उसकी समस्या सुनें और तत्काल न्याय दिलाएं। एसपी ने कहा कि थानों में अपराधियों की टॉप टेन सूची बनाकर उन पर शिकंजा कसे जिससे अपराध में कमी आ सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बहराइच जनपद नेपाल सीमा से सटा हुआ है, ऐसे में सीमा पर तस्करी और मादक द्रव्य के कारोबार के साथ नकली मुद्रा आदि पर अंकुश लगाने के लिए सभी सीमावर्ती थानों के थानाध्यक्षों को अलर्ट रहना होगा। समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अक्टूबर माह में पब्लिक अप्रूवल रेटिंग सिस्टम में गोरखपुर जोन की सूची में जिले में और मंडल में अव्वल रहने वाले जरवलरोड थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह की पीठ थपथपाई। वहीं बहराइच में टॉप बॉटम रहने वाले नानपारा, रूपईडीहा, मोतीपुर, सुजौली और खैरीघाट थानो के थानाध्यक्षो को कार्यशैली में सुधार लाने के लिए निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा नें संवेदनशील बिंदुओं पर विस्तार से वार्ता करते हुए सभी अधिकारियों थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में सतर्क दृष्टि रखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए टिप्स सुझाते हुए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अशोक कुमार एवं समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - शहर को स्वच्छ बनाना आप का चुनावी मुद्दा :अनिल
