जलालाबाद: आगबबूला कोतवाल ने वृद्धा को मारा थप्पड़
जलालाबाद, अमृत विचार। अब चाहे आप दोषी हो या निर्दोष, यदि जलालाबाद पुलिस की नजरों में चढ़ गए तो फिर न जांच होगी, न पड़ताल, फैसला ऑन द स्पाॅट ही होगा। आरोप है कि कुछ इसी अंदाज में जलालाबाद कोतवाल ने कंटेनमेंट एरिया से होकर दवा लेने निकली एक वृद्धा को बेवजह पीट दिया। महिला …
जलालाबाद, अमृत विचार। अब चाहे आप दोषी हो या निर्दोष, यदि जलालाबाद पुलिस की नजरों में चढ़ गए तो फिर न जांच होगी, न पड़ताल, फैसला ऑन द स्पाॅट ही होगा। आरोप है कि कुछ इसी अंदाज में जलालाबाद कोतवाल ने कंटेनमेंट एरिया से होकर दवा लेने निकली एक वृद्धा को बेवजह पीट दिया। महिला जब बेहोश होकर जमीन पर गिरी तो उनका पारा और हाई हो गया, बोले- टांगे तोड़ दूंगा। इसी बीच एक सिपाही ने बोल दिया कि सर, यह तो बेहोश हो गई। इस घटना के बाद से कोतवाल की सिट्टी-पिट्टी गुम है।
वहीं मामला एक ट्वीट के जरिए एडीजी के संज्ञान में आने के बाद अब वह जांच के दायरे में आ गए हैं। नगर में तहसील रोड को कंटेनमेंट एरिया घोषित करते हुए सील किया गया है। इधर से बेवजह निकलने वालों को प्रतिबंधित किया गया। सोमवार दोपहर गांधीनगर निवासी 60 वर्षीय रेशमा इसी रास्ते से होकर मेडिकल स्टोर से दवा लेने जाने को निकलीं थीं। तभी अचानक कोतवाल धीरेंद्र सिंह चैहान भी पुलिस टीम के साथ कंटेनमेंट एरिया में निरीक्षण करने आ गए।
वृद्ध महिला को निकलते देखा तो उनका पारा हाई हो गया। पूछा कहां जा रही हो, वृद्धा कुछ जवाब दे पाती, आरोप है कि तभी कोतवाल ने वृद्धा के एक थप्पड़ रसीद कर दिया। इतने में वृद्धा बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। कोतवाल का गुस्सा इतने पर भी ठंडा नहीं हुआ और बोले कि दोबारा दिखी तो टांगे तोड़ दूंगा। इसी बीच एक सिपाही ने बताया कि सर, यह तो बेहोश हो गई, तब कोतवाल चुप हो गए।
वह वृद्धा को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था करते, तब तक उसे कुछ देर बाद होश आ गया और वह उठकर घर चली गई। पुलिस की पिटाई से आहत पीड़िता ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। इसके बाद कुछ लोगों ने पीड़ा जाहिर करते हुए वृद्धा का वीडियो एडीजी को ट्वीट कर दिया। तब एडीजी ने शाहजहांपुर पुलिस से मामले की जानकारी की। इसके बाद जांच एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम को सौंप दी गई।
कैबिनेट मंत्री ने भी अधिकारियों को दिए निर्देश
जलालाबाद प्रकरण का वीडियो कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना को भी ट्वीट किया किया गया था। खन्ना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी को मामले की जांच के निर्देश दिए है। इस संबंध में खन्ना ने ट्वीट किया है कि प्रकरण में सम्बंधित सक्षम अधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है।
अभी तक की जांच में यह निकलकर आ रहा है कि वृद्धा कंटेनमेंट एरिया में चली गईं थीं, उन्हें टोका गया था। पिटाई करने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी और लोगों से जानकारी की जा रही है। -अपर्णा गौतम, एएसपी ग्रामीण
