कानपुर: दादानगर की फ्लैटेड फैक्ट्री में फ्लैटों की बुकिंग शुरू, जानें कितनी है कीमत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। दादानगर में निर्माणाधीन फ्लैटेड फैक्ट्री में फ्लैटों की बुकिंग के लिए आवेदन मांगे गए हैं। उप्र लघु उद्योग निगम (यूपीएसआईसी ) के प्रबंध निदेशक सोमवार को दरों पर मुहर लगा देंगे। फिलहाल 32 से 33 सौ रुपये प्रति स्क्वायर मीटर की दर रखी गई है। सोमवार को वास्तिवक दर की घोषणा की जाएगी। 

यहां होजरी से जुड़े उद्योग लगेंगे। खास बात यह है कि आवंटी 10 किश्तों में कीमत अदा करेंगे उनसे किसी तरह का कोई ब्याज नहीं लिया जाएगा। उद्योग लगाने के लिए उन्हें किसी तरह की एनओसी भी लेने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि निर्माण के समय ही निगम प्रबंधन ने जरूरी एनओसी ले लिया है। फ्लैट लीज पर दिए जाएंगे। यह लीज 30-30 साल के लिए होगी।

बहुमंजिला इमारतों में उद्योगों की स्थापना को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय बढ़ावा दे रहा है। मंत्रालय फ्लैटेड फैक्ट्री बनाने के लिए 12 करोड़ रुपये तक का अनुदान भी दे रहा है। निगम प्रबंधन ने दादानगर में 6071.18 वर्गमीटर में 61 करोड़ रुपये की लगात से भूतल समेत चार मंजिला इमारत बनाई जा रही है। इस बहुमंजिला इमारत में 56 इकाइयां स्थापित हो सकेंगी। होजरी क्लस्टर के लिए यहां के फ्लैटों को आरक्षित कर दिया गया है। यह कानपुर का पहला होजरी क्लस्टर होगा।

 प्रत्येक फ्लैट छह-छह सौ वर्गमीटर के होंगे। अगर किसी उद्यमी को दो फ्लैट चाहिए तो उन्हें अगल-बगल के दो फ्लैट दिए जाएंगे ताकि इकाई स्थापना में कोई समस्या न आए। वैसे तो यहां फ्लैटों की दर 35 सौ से 36 सौ रुपये प्रति स्क्वायर मीटर आती, लेकिन मंत्रालय से मिले अनुदान को ध्यान में रखते हुए कीमत कम करके उद्यमियों को आवंटित किया जाएगा। यहां जिन्हें भी फ्लैट आवंटित होंगे उन्हें पर्यावरण, अग्निशमन और प्रदूषण विभाग की एनओसी नहीं लेनी है, क्योंकि एनओसी पहले ही ली जा चुकी है। 

इस तरह करें आवेदन करें
आवेदन के समय एक लाख रुपये जमा करना होगा। शेष राशि 10 किश्तों में अदा करनी होगी। आवेदन के लिए निगम की वेबसाइट www.upsic.in से फार्म डाउनलोड किया जा सकता है। 

  1. -6071.18 वर्गमीटर में बन रही है फ्लैटेड फैक्ट्री 
  2. -61 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर खर्च हो रहा है 
  3. -56 औद्योगिक इकाइयां यहां स्थापित हो सकेंगी

आवेदन मांग लिए गए हैं। दर का निर्धारण सोमवार को हो जाएगा। होजरी क्लस्टर के लिए  इस प्रोजेक्ट को आरक्षित किया गया हैृ ... प्रभात वाजपेयी, अधीक्षण अभियंता यूपीएसआईसी।

संबंधित समाचार