Kanpur Nagar Nigam की अनूठी पहल की हर तरफ हो रही तारीफ, अब आवारा कुत्तों की संख्या होगी कम, जानें इसकी वजह
कानपुर नगर निगम ने कुत्तों के लिए बनाया रैन बसेरा।
कानपुर नगर निगम ने कुत्तों के लिए रैन बसेरा बनाया है। नगर निगम की इस पहल की हर तरफ तारीफ हो रही है। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा के मुताबिक इस तरह से कई और शेल्टर जल्द शहर में स्थापित किए जाएंगे।
कानपुर, अमृत विचार। Nagar Nigam ने आवारा कुत्तों को ठंड से बचाने के लिए अनोखा प्रयास किया है। निगम ने शहर में पहला कुत्तों का रैन बसेरा (डॉग्स शेल्टर) बनाया है। एक्सप्रेस रोड पर कूड़ाघर हटाकर निगम ने शेल्टर होम तैयार किया है। जो पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा के मुताबिक इस तरह से कई और शेल्टर जल्द शहर में स्थापित किए जाएंगे।
सर्दियां शुरू हो चुकी हैं। आम लोगों के साथ शहर में आवारा पशुओं को भी रात की ठंड परेशान कर रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम एक ओर अपने सामान्य रैन बसेरों को ठीक करने में जुटा है। इसके साथ आगे आकर डॉग्स के लिए भी बसेरा बनाया है। एक्सप्रेस रोड में बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों को देखते हुए यह शेल्टर होम तैयार किया गया है। जिसमें सर्दी से बचने के लिए कुत्ते शरण ले सकेंगे।
डॉग्स के लिए काम कर रहे रॉनी ने इस पहल को अच्छा बताया है। कहा कि इस तरह के कई और शेल्टर बनने चाहिए। इंसानों के साथ ही जानवरों का भी ध्यान रखा जा रहा है। जो प्रशंसनीय है। कहा कि हर साल सर्दियों में बड़ी संख्या में जानवर सर्दी लग जाने के चलते मर जाते हैं।
नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की बड़ी संख्या है। सर्दियों से बचाव के लिए शेल्टर होम बनाया गया है। अभी पहला शेल्टर होम एक्सप्रेस रोड पर बनकर तैयार है। इसी तरीके से शहर में अन्य जगह भी शेल्टर होम तैयार किए जाएंगे। कूड़ाघर को हटाकर यहां पर शेल्टर होम तैयार किया गया है।
