अयोध्या: डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। मंदिर की आधार शिला रखने आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन के पूर्व सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या का दौरा किया। राम लला, कनक भवन, हनुमानगढ़ी का दर्शन किए तथा राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात किया। कारसेवक पुरम में संगठन के वरिष्ठ …

अयोध्या। मंदिर की आधार शिला रखने आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन के पूर्व सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या का दौरा किया। राम लला, कनक भवन, हनुमानगढ़ी का दर्शन किए तथा राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात किया। कारसेवक पुरम में संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात किया और मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और बड़े सौभाग्य से यह समय आया है जब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण होने जा रहा है। इसके लिए हजारों लोगों ने संघर्ष किया। सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई और अब करोड़ों राम भक्तों का सपना साकार होने जा रहा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।

उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास से मिलकर उन्हें मंदिर निर्माण के लिए अपनी तरफ से एक लाख 51 हजार रुपये का चेक दिया। इसके अलावा उन्होंने अपनी पत्नी व बच्चों की तरफ से दो लाख 51 हजार व अपने माता-पिता की तरफ से भी एक लाख 51 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन होना है। इसको लेकर अधिकारियों के साथ विकास कार्यो की समीक्षा करने के लिए अयोध्या आना हुआ।

उप मुख्यमंत्री के दर्शन पूजन के दौरान उनके साथ मौजूद महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के स्वर्णिम अवसर पर भूमि पूजन करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर अयोध्या की आम जनता में उत्साह का माहौल है। अयोध्या को उसकी महिमा व गरिमा के अनुरुप सजाया जायेगा। पूरे परिवेश को अभियान चलाकर स्वच्छ बनाया जा रहा है। इस महोत्सव को हम दीपावली की भांति मनायेंगे।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या में विकास की नयी पटकथा लिखी जा रही है। पयर्टकों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए सरकार कटिबद्ध है। महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि पूरे कार्यक्रम को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौप दी गयी। 4 व 5 अगस्त को हम दीपोत्सव के तरीके से अपनी श्रद्धा व भक्ति रामलला के चरर्णो में समर्पित करेंगे।

जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अनुशासित होता है। अनुशासन के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए हम अपने परिवेश को स्वच्छ बनाने के अभियान में अपना योगदान देंगे। दर्शन पूजन के दौरान मौजूद अन्य लोगो में सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, परमानंद मिश्रा, पूजारी रमेश दास मौजूद रहे।

वहीं सर्किट हाउस में स्वागत के दौरान विधायक शोभा सिंह चौहान, डा अमित सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, कृष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू, दिवाकर सिंह, वासुदेव मौर्य मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू ने रौनाही से ड्योढ़ी तक मार्ग बनाने की मांग डिप्टी सीएम के समक्ष उठायी। जिसे पूरा करने आश्वासन उनके द्वारा दिया गया।

संबंधित समाचार