कानपुर: भाजपा नेता और नगर आयुक्त की बहस, नगर निगम कर्मियों ने घसीटते हुए निकाला बाहर, बैठी जांच
Kanpur Nagar Nigam: भाजपा नेता को घसीटते हुए नगर निगम मुख्यालय से बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
भाजपा नेता कपिल गुप्ता ने पार्षद का चुनाव लड़ा था। आरोप लगाया कि, क्षेत्र में जमीन पर कब्जे की शिकायत कुछ लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से की थी। सतीश महाना के यहां से मुझे इस प्रकरण में नगर आयुक्त के पास जाने के लिए कहा गया था।
कानपुर, अमृत विचार। नगर आयुक्त के पास मंगलवार को शिकायत लेकर पहुंचे भाजपा नेता की नगर आयुक्त से तीखी बहस हो गई। नगर आयुक्त ने संभव पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने को कहा तो भाजपा नेता कार्यालय में ही जोर-जोर चिल्लाने लगा। जिसके बाद नगर आयुक्त की सुरक्षा में लगे कर्मचारियों ने भाजपा नेता को शांत करने की कोशिश की। न मामने पर कर्मचारियों ने नेता को घसीटते हुए गोल बिल्डिंग से बाहर निकाला। नेता का आरोप है कि, वह विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कहने पर नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे थे। लेकिन यहां बत्तमीजी की गई। नेता सतीश महाना से मिलने लखनऊ रवाना हो गया।
भाजपा नेता कपिल गुप्ता ने सूटरगंज वार्ड से भाजपा के टिकट पर 2017 में पार्षद का चुनाव लड़ा था। कपिल गुप्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि ग्वालटोली में कुछ लोग एक जमीन पर कब्जा किए हैं। इस बात की शिकायत कुछ लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से की थी। सतीश महाना के यहां से मुझे इस प्रकरण में नगर आयुक्त के पास जाने के लिए कहा गया था। उसी संबंध में मैं उनसे मिलने गया था। यहां मैने नगर आयुक्त से कहा कि नगर निगम क्या कार्रवाई कर रहा है अवगत करा दें। इस पर वे भड़क गए। उन्होंने गार्ड बुला लिए। मैं ऑफिस में ही बैठ गया। गार्ड ने मुझे धक्के मारकर बाहर निकाला, बाहर भी कर्मचारियों ने घसीटते हुए नीचे ले आए। वहीं सूचना पर स्वरूप नगर थाने की पुलिस नेता को अपने साथ ले गई। जहां पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया। कपिल गुप्ता ने आरोप लगाया कि मेरे साथ मारपीट की कोशिश की गई। मैं लखनऊ जा रहा हूं। सतीश महाना से पूरे प्रकरण की शिकायत करूंगा और कार्रवाई की मांग करूंगा।
अभद्रता पर नगर आयुक्त ने बैठाई जांच
भाजपा नेता कपिल गुप्ता के साथ हुई अभद्रता पर नगर आयुक्त बैकफुट पर आ गए हैं। आनन-फानन में नगर आयुक्त ने शिकायत के आधार पर अतिक्रमण के प्रकरण में कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कपिल गुप्ता के साथ हुई अभद्रता पर जांच बैठा दी है। नगर आयुक्त ने कहा कि जानकारी मिली है कि नगर निगम केयर टेकर, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियो द्वारा व्यक्ति के साथ अभद्रता की गयी। जिस पर नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त प्रथम को जांच करने के लिए कहा है। इसके साथ 7 दिनों में जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि जांच आख्या के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
