नगरीय निकाय चुनाव : कई जगह बदल जाएंगे मतदाताओं के वार्ड
मतदाता सूची के अनंतिम प्रकाशन के बाद बड़ी संख्या में आयी थीं आपत्तियां
निस्तारण के बाद चल रहा डाटा फीडिंग का काम
अमृत विचार ,लखनऊ। निकाय चुनाव की पूरक सूची में अनंतिम सूची से काफी बदलाव नजर आएगा। कई जगह मतदाताओं के वार्ड बदल जाएंगे। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय पूरक सूची जारी करेगा।
मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायतों पर आपत्तियों के निस्तारण के बाद अभी डाटा फीडिंग का काम चल रहा है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन तक जिला निर्वाचन कार्यालय शिकायतों का निस्तारण कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का काम जारी रखेगा।
निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा किए गए सर्वे में भारी गड़बड़ी सामने आयी थी। अनंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। जिसमें नगर निगम सीमा में शामिल 88 गांवों के लाखों मतदाताओं के नाम जुड़ने से छूट गए थे।
इसके अलावा कई वार्डों के मतदाताओं का नाम दूसरे वार्ड में चला गया था। सबसे ज्यादा आपत्तियां जानकीपुरम और गोमती नगर विस्तार से आयी थीं। जानकीपुरम और गोमती नगर विस्तार के कई क्षेत्रों से अभी भी अंतिम मतदाता सूची में लोगों के नाम छूटने और वार्ड बदलने की शिकायतें आ रही हैं।
यह भी पढ़ें-केजीएमयू : मेधावियों की फीस होगी माफ
