मैं तुमसे प्यार करता हूं, मुझे तुमसे मिलना है… कानपुर में शोहदे ने पहले पुलिस फिर युवती के घर भेजी एंबुलेंस
कानपुर में शोहदे से त्रस्त होकर महिला ने पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार।
कानपुर में शोहदे से त्रस्त होकर महिला ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई है। शोहदे ने पहले सुसाइड की सूचना देकर पुलिस भेज दी है। फिर अगले दिन डिलीवरी की बात कहकर एंबुलेंस भेज दी है।
कानपुर, अमृत विचार। नौबस्ता थानाक्षेत्र अंतर्गत शोहदे से तंग आकर एक महिला ने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है। शोहदा महिला से कई दिनों से मिलने के लिए कह रहा था। मिलने से इनकार करने पर पहले सुसाइड की बात कहकर महिला के घर पुलिस को भेज दिया।
इसके बाद भी महिला मिलने को राजी नहीं हुई तो डिलीवरी की सूचना देकर एंबुलेंस घर पर भेज दी। दोनों बार महिला को शोहदे की हरकतों की वजह से शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल शोहदा भाग चुका है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
एडीसीपी दक्षिण अंकिता शर्मा ने बताया कि नौबस्ता की रहने वाली एक महिला अपने पति और ससुर के साथ मंगलवार को पुलिस ऑफिस पहुंची। महिला ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि रजत मिश्रा नाम का एक शोहदे ने जीना मुश्किल कर दिया है।
महिला ने बताया कि शोहदा फोन करके बोलता है कि मैं तुमसे प्यार करता हूं…मुझे तुमसे मिलना है… मैं तुम्हे जानता हूं, तुम मुझे भूल कैसे सकती हो…। इस तरह की एक दो नहीं सैकड़ों कॉल करके महिला को त्रस्त कर दिया। इसके बाद महिला ने फोन उठाना बंद कर दिया तब शोहदे ने कांशीराम हॉस्पिटल में फोन करके महिला का नाम पता दर्ज कराते हुए बताया कि महिला के डिलीवरी हो गई है। जल्द से जल्द एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम भेज दीजिए।
एंबुलेस मोहल्ले में पूछताछ करते हुए घर पहुंची तो सच्चाई का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी महिला मिलने को राजी नहीं हुई तो शोहदे ने
पुलिस कंट्रोल रूम के डायल-112 पर महिला का पता देते हुए कहा कि सुसाइड कर लिया है। घर पर पुलिस फोर्स पहुंची तो पता चला कि किसी ने झूठी सूचना दी है। इसी तरह शोहदे की सैकड़ों हरकतों से आजिज होकर उसने तहरीर दी है। नौबस्ता पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बीते रविवार को एक बार फिर रजत नाम के युवक ने महिला को फोन करके धमकी दी कि इस बार मैं तुम्हारे लड़के को उठा ले जाऊंगा। तुम्हारा घर से निकलना बंद करा दूंगा। इससे परिवार दहशत में आ गया और पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड से शिकायत दर्ज कराई है। नौबस्ता इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि आरोपी रजत को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
