लखनऊ: बेटिकट यात्रा कराने का खुलासा, दो अधिकारियों समेत 6 कर्मचारी निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम के तहत चलने वाली रोडवेज बसों में बेटिकट यात्रा कराने का बड़ा खुलासा हुआ है। भ्रष्टाचार में लिप्त होने पर रोडवेज के दो अधिकारियों समेत 6 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसमें दो एआरएम के साथ ही एक यातायात अधीक्षक और तीन सहायक यातायात निरीक्षक शामिल …

लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम के तहत चलने वाली रोडवेज बसों में बेटिकट यात्रा कराने का बड़ा खुलासा हुआ है। भ्रष्टाचार में लिप्त होने पर रोडवेज के दो अधिकारियों समेत 6 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसमें दो एआरएम के साथ ही एक यातायात अधीक्षक और तीन सहायक यातायात निरीक्षक शामिल हैं।

परिवहन निगम के अधिकारियों को बीते दिनों एटा-फर्रुखाबाद मार्ग पर भ्रष्टाचार की गोपनीय सूचना दी गई थी। इसी की जांच के लिए मुख्यालय प्रवर्तन दल के यातायात अधीक्षक हरदोई क्षेत्र को इसकी जांच के लिए लगाया गया। इसी के चलते उन्होंने एटा-फर्रुखाबाद मार्ग पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रोडवेज बस संख्या यूपी 81 एएफ.1887 की चेकिंग की गयी जिसमे कुल 68 यात्री मौजूद थे, जिनमें 52 यात्री बिना टिकट पाए गए। रोडवेज बस ड्राइवर लायक सिंह चला रहे थे जबकि कंडक्टर की जिम्मेदारी राहुल कुमार के पास थी ।

दोनों एआरएम मुख्यालय हुए सम्बद्ध
परिवहन निगम के एमडी डॉ राज शेखर ने भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से एटा क्षेत्र के एआरएम मदन लाल सहायक और फर्रुखाबाद क्षेत्र के एआरएम अंकुर विकास को निलम्बित कर मुख्यालय से सम्बद्ध कर दिया।

दो की सेवा समाप्त, चार कर्मचारियों को किया निलंबित
कार्य में शिथिलता बरतने व प्रवर्तन में लापरवाही के लिए उपाधिकारियों को निलम्बित किये जाने के निर्देश एमडी ने जारी कर दिए। इनमें यातायात अधीक्षक इटावा क्षेत्र अजय कुमार पाण्डेय, सहायक यातायात निरीक्षक फर्रुखाबाद सूरत सहाय, सहायक यातायात निरीक्षक सम्बद्ध एटा डिपो वेदराम और सहायक यातायात निरीक्षक संजय कुमार शामिल हैं। इसके साथ ही बस के ड्राइवर लायक सिंह और कंडक्टर राहुल कुमार की सेवाएं तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी गई । साथ ही एमडी ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक, इटावा को दोषियों के विरुद्ध सम्बंधित थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिये।

शिथिलता पर बख्शे नहीं जाएंगे अधिकारी
एमडी डा राजशेखर ने रोडवेज के सभी अधिकारियों को निर्देश दिये हैं​ कि प्रवर्तन कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। भविष्य में भी बिना टिकट यात्रा के मामले सामने आने पर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी। परिवहन निगम को हुई आर्थिक हानि की वसूली भी दोषियों से की जायेगी।

संबंधित समाचार