अयोध्या : एमसीडी में जीत से गदगद कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
बोले, यूपी निकाय चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से लड़ेगी आम आदमी पार्टी
अमृत विचार, अयोध्या। एमसीडी चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने से गदगद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। आप नेताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर खुशी का इजहार किया। पार्टी नेताओं ने कहा दिल्ली की जनता ने एक बार फिर केजरीवाल सरकार के काम पर मुहर लगाई है।
बुधवार को एमसीडी के आए नतीजों को लेकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार की ओर से बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा सहित तमाम क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों से दिल्ली की जनता खुश है।
उनका कहना है कि एमसीडी में पिछले 15 सालों से भाजपा का राज था। इन 15 सालों में भाजपा ने भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए जिसकी वजह से दिल्ली में कूड़े के पहाड़ खड़े हो गए थे। इस बार दिल्ली की जनता ने केजरीवाल पर विश्वास किया है, निश्चित रूप से अब दिल्ली स्वच्छ शहर बनेगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। दिल्ली में मिली जीत के बाद कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा है, कार्यकर्ता घर-घर जाकर केजरीवाल सरकार की उपलब्धियां लोगों को बताएंगे।
यह भी पढ़ें:-सुल्तानपुर : पुरानी रंजिश में युवक को पीटकर किया लहूलुहान, मुकदमा दर्ज
