मतगणना निरस्त कराए चुनाव आयोग : आसिम
सभी सुबूतों के साथ चुनाव आयोग से की गई है शिकायत, सोशल मीडिया पर दिखाई जा रही है पुलिस की बर्बरता
रामपुर, अमृत विचार। सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने कहा कि पुलिस की बर्बरता के सभी सुबूतों के साथ चुनाव आयोग से मतगणना निरस्त कराए जाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संज्ञान नहीं लेने पर जुल्म के खिलाफ आवाज बुलंद की जाती रहेगी। कहा कि शहर में करीब 85 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है वहां छह, आठ और 12 प्रतिशत मतदान हुआ है जबकि, हिन्दू बाहुल्य क्षेत्रों में 50 से 60 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि रामपुर में दोबारा उप चुनाव कराया जाए।
तोपखाना रोड स्थित सपा कार्यालय पर बुधवार को अपराह्न में हुई पत्रकार वार्ता में सपा प्रत्याशी ने कहा कि चुनाव आयोग को तमाम शिकायतें भेजी गई हैं। कहा कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में मतदान नहीं होने दिया गया। बेरिकेडिंग लगाकर वोट डालने वालों को रोक दिया गया।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को इतना पीटा गया कि उनके हाथों से खून बहने लगा मुस्लिम मतदाताओं के हाथ-पांव तोड़ दिए गए। कहा कि ऐसे चुनाव से कोई फायदा नहीं है जिसमें निष्पक्षता नहीं हो। कहा कि मतगणना रोकने के लिए चुनाव आयोग को कदम उठाना चाहिए। कहा कि गुंडागर्दी के चलते लोगों को वोट डालने से महरूम कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें:- खुद को पैगम्बर कहने वाले बेटमैन की थीं 20 पत्नियां, सभी नाबालिग, FBI ने किया गिरफ्तार
