मुरादाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत
मां-बेटी के सिर पर चढ़ा ट्रक का पहिया, वाहन छोड़ चालक फरार , हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार किशोरी का चल रहा उपचार
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक महिला व दो वर्षीय उसकी बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल 11 वर्षीय एक बच्ची का उपचार कासमास अस्पताल में चल रहा है। सड़क हादसे में एक साथ महिला व उसकी बेटी की दर्दनाक मौत से परिजनों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के मुताबिक मझोला थाना क्षेत्र में खुशहालपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप बैंक कालोनी निवासी वीर सिंह की बड़ी बेटी सिमरन आरएसडी एकेडमी रामगंगा विस्तार में नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्रा है। गुरुवार को सिमरन नर्सिंग की पढ़ाई करने स्कूल आई। शाम करीब चार बजे सिमरन की स्कूल से छुट्टी होनी थी। सिमरन की मां कुसुम स्कूटी पर सवार होकर घर से बेटी के स्कूल रवाना हुईं। कुसुम के साथ उनकी दो वर्षीय बेटी शिवानी व 11 वर्षीय भांजी तानिया पुत्री चरन सिंह निवासी ग्राम चांदपुर थाना कुंदरकी भी स्कूटी पर सवार थीं। स्कूटी सवार महिला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हरिद्वार हाईवे पर अकबर किला तिराहे के पास पहुंची थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी के आगे एक ट्रक चल रहा था। ट्रक मुरादाबाद से बिजनौर की ओर बढ़ रहा था। इस बीच महिला की स्कूटी ट्रक व ई रिक्शा के बीच फंस गई। ई रिक्शा की टक्कर से स्कूटी सवार महिला अनियंत्रत हो गई। स्कूटी समेत महिला व बच्चे सड़क पर गिर पड़े। तभी ट्रक का पिछला पहिया महिला व उसके दो वर्षीय बेटी के सिर पर चढ़ गया। कुसुम व शिवानी की मौत मौके पर हो गई। जबकि हादसे में गँभीर रूप से घायल तानिया को राहगीरों ने आनन फानन में कासमास अस्पताल भेजा।
किशोरी की हालत नाजुक बताई जा रही है। मां व छोटी बहन की मौत की खबर मिलते ही सिमरन व उसका भाई घटना स्थल पहुंचे। भाई-बहन का रो-रो कर बुरा हाल है। उधर पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिया है। हादसे के तत्काल बाद ट्रक छोड़ चालक फरार हो गया। आरोपी वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एक साथ ही एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मोर्चरी हाउस पर मातम का माहौल है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : छत पर बैठी महिलाओं से कबूतरबाजों ने की छेड़छाड़, विरोध करने पर ताना तमंचा
