अयोध्या : दावेदार ही नहीं निकाय चुनाव को लेकर पुलिस भी सक्रिय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाछिंत वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ असमाजिक तत्वों की शिनाख्त का चल रहा अभियान

अमृत विचार, अयोध्या। नगर निकाय चुनाव को लेकर अभी तिथियों की घोषणा नहीं हुई है। तैयारी में जुटा प्रशासन केवल आरक्षण सूची जारी कर पाया है और इस पर दावे और आपत्तियां ली जा रही हैं। अंतरिम आरक्षण सूची जारी होने के बाद दावेदारों ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है।

वहीं पुलिस महकमा भी निकाय चुनाव को लेकर सक्रिय है। चुनाव कार्यालय के माध्यम से खाका दुरुस्त किया जा रहा है तो वांछित वारंटियों की गिरफ्तार के साथ असामाजिक तत्वों की शिनाख्त का अभियान जारी है।

जिले में नगर निगम अयोध्या के अलावा नगर पालिका रुदौली और नगर पंचायतों में भदरसा, गोसाईगंज, बीकापुर, कामाख्या धाम, कुमारगंज व खिरौनी सुचितागंज में अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए चुनाव होना है। सियासी सिंबल पर लड़े जाने वाले इस चुनाव को लेकर सियासी दल कसरत में जुटे हैं।

हालांकि पुलिस ने निकाय चुनाव को लेकर पहले से ही कवायद शुरू कर दी थी, जो लगातार जारी है। नवागत एसएसपी ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही नगर निकाय चुनाव को लेकर संबंधित क्षेत्र के थाना कोतवाली प्रभारियों समेत राजपत्रित अधिकारियों को एहतियाती कार्रवाई तथा शांति व्यवस्था के लिए सभी मुकम्मल इंतजाम पूरे कर लेने के लिए अभियान चलाने की हिदायत दी थी।

जिसको लेकर जनपद पुलिस लगातार अभियान में जुटी है। वांछितों और वारंटियों की गिरफ्तारी की जा रही है तथा पाबंदी के लिए असामाजिक तत्वों की शिनाख्त कराई जा रही है। संबंधित क्षेत्र के थाना चौकी पुलिस दावेदारों की भी कुंडली खंगालने में जुटे हैं।

संदिग्धों की तलाश के लिए भी चल रहा अभियान

कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने, अपराध नियंत्रण और लोगों में शांति-सुरक्षा का संदेश देने को लेकर एसएसपी के निर्देश पर जनपद पुलिस संदिग्धों की तलाश के लिए अभियान में जुटी है। मातहतों को फुट पेट्रोलिंग तथा जांच व तलाशी अभियान चलाने की हिदायत दी गई है तो अधिकारियों को नेतृत्व के लिए मौके पर मौजूद रहने के लिए।

निर्देश पर पुलिस बैंक, होटल, ढाबा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत सार्वजनिक चौक-चौराहों से लेकर जिले व थाना-कोतवाली की सीमा पर संदिग्धों की तलाश के लिए जांच व तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही बैंक प्रबंधन को टप्पेबाजों से सतर्क रहने तथा सीसीटीवी, इमरजेंसी अलार्म तथा आग से बचाव के इंतजाम की हिदायत दी जा रही है।

एसएसपी मुनिराज जी का कहना है कि नगर निकाय चुनाव तथा कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस को अभियान चलाकर वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी तथा संदिग्धों की तलाश का टास्क दिया गया है। चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए भी हिदायत दी गई है, जिसकी जल्द ही समीक्षा की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-सुल्तानपुर : हिमाचल में हम और मेहनत करेंगे, गुजरात ने इतिहास बनाया

संबंधित समाचार