पीलीभीत: घंटे भर चला रेस्क्यू, फिर पिंजरे में कैद हुआ शावक
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। टाइगर रिजर्व के जंगल से निकालकर खारजा नहर के पास झाड़ियों में डेरा जमाए करीब एक साल के शावक को वन विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर लिया। शावक को पकड़ने के लिए कई दिनों से टीम निगरानी में लगी हुई थी। एक घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद शावक को जाल में फंसा लिया गया। जिसके बाद पिंजरे में कैद कर लिया गया। अब उसकी पूरी जांच करने के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। शावक के जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पति से अनबन होने पर मायके आई विवाहिता और फिर हुई लापता
पूरनपुर क्षेत्र के खारजा नहर की झाड़ियों में एक शावक टाइगर रिजर्व के जंगल से निकालकर आबादी में पहुंच गया। जिसको देखने के बाद उसकी चहल कदमी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। हालांकि शावक के द्वारा किसी भी ग्रामीण पर कोई हमला नहीं किया गया। लेकिन उसकी चहल कदमी देखे जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत बनी हुई थी।
मामले की जानकारी लगने के बाद इसके बाद वन कर्मियों को निगरानी करने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। जिसके बाद टीम ने बाघिन की लोकेशन को ट्रेस करना शुरू किया। हालांकि उसका कुछ पता नहीं चल सका। जिसके बाद सामाजिक वानिकी, टाइगर रिजर्व के अलावा डब्ल्यूटीआई की टीम लगातार शावक की निगरानी कर रही थी। इस दौरान कई बार शावक को झाड़ियों से निकालते हुए देखा।
नौ दिन तक उसके जंगल में लौटने का इंतजार करने के बाद बुधवार को उसे रेस्क्यू करने के निर्देश दिए गए। रेस्क्यू के दौरान टीम पूरे दिन जुटी रही। लेकिन शावक जाल में नहीं फंस सका। उसे पकड़ने के लिए पिंजरा और जगह-जगह जाल लगाया गया था। गुरुवार को टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल, सामाजिक वानिकी के डीएफओ संजीव कुमार, डब्ल्यूटीआई के अनिल कुमार नायर और एक्सपर्ट डा. दक्ष गंगवार, डब्ल्यूडब्लयूएफ के परियोजना निदेशक नरेश कुमार, उदयकरनपुर के ग्राम प्रधान जगजीत सिंह, क्षेत्रीय वनधिकारी कपिल कुमार और रामजी की मौजूदगी में रेस्क्यू चलाया गया।
इस दौरान एक घंटे तक रेस्क्यू चला। जिसके बाद दोपहर तीन बजे करीब शावक जाल में फंस गया। जिसके बाद टीम ने उसे पिंजरे में कैद किया। इसके बाद माला रेंज के गढ़ा गेस्ट हाउस पर ले जाकर शावक की प्रारंभिक जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: तारीख लेकर लौट रही महिला से दिनदहाड़े छेड़छाड़, धमकाया
