Kanpur Ghatampur Accident : डंपर और लोडर की भिड़ंत में तीन भाइयों की मौत, शटरिंग लगाकर लौट रहे थे
Kanpur Ghatampur Accident कानपुर में सड़क हादसे में तीन भाइयों की मौत से परिजनों में मचा कोहराम।
Kanpur Ghatampur Accident कानपुर के घाटमपुर में डंपर और लोडर की भिड़ंत में तीन भाइयों की मौत हो गई है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू की है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Ghatampur Accident घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां धरमपुर बंबा के पास डंपर और लोडर की भिड़ंत में तीन भाइयों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गए है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू की है।
पतारा क्षेत्र के हिरनी गांव निवासी नरेंद्र (35) अपने भाई सुनील (22) व चाचा के लड़के सतीश (30) के साथ लोडर से कानपुर के नौबस्ता गल्ला मंडी में शटरिंग लगाने गया था। तीनों भाई देर रात वापस घर के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान धरमपुर बंबा के पास पहुंचते ही सामने से उल्टी दिशा से आ रहे मौरंग लदे डंपर की लोडर से भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर रोड किनारे बने एक घर में जा घुसा। गनीमत रही कि घर में कोई नुकसान नहीं हुआ है। हादसे में लोडर सवार सतीश की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों भाईयों की हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। हादसे के बाद सतीश की पत्नी सुष्मिता, बच्चे श्याम जी, राम जी, रानी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
घाटमपुर थानाप्रभारी रामबाबू घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। उनका कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
