बहराइच: महसी के माधवपुर करेहना गांव में फैला खसरा, सूचना के बाद भी नहीं पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बहराइच। जिले के ग्राम पंचायत  माधवपुर करेहना में खसरे का भीषण प्रकोप है। आरएसएस के खंड कार्यवाह समेत 13 लोग बीते पांच दिनों से गंभीर रूप से खसरे की चपेट में हैं। सूचना के बावजूद अभी तक स्वास्थ विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची है। जिसके चलते मरीजों की संख्या में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है।

 मौसम में बदलाव के साथ ही जिले में संक्रामक रोगों का प्रकोप बढ़ने लगा है। महसी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत माधवपुर करेहना गांव में बीते पांच दिनों से खसरा फैला हुआ है। गांव के लोगों का कहना है कि उनके घर में परिजनों को तेज बुखार के साथ शरीर पर लाल दाने निकल रहे हैं, यह लाल दाने 24 घंटे में ही पक कर घाव बन रहे हैं। 

 इस समय गांव निवासी टीकाराम मिश्रा (35), हर्षित मिश्रा (15), अमूल (08), जैश (04), ज्योति (14), प्रवेश कुमार (15), आयुषी (10) समेत 13 लोग खसरे की चपेट में है। गांव के लोगों का कहना है कि प्रतिदिन खसरे का प्रकोप फैलता जा रहा है दो से तीन नए रोगी सामने आ रहे हैं। 

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले में स्वास्थ्य केंद्र पर सूचना दी गई लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते स्थिति बिगड़ती जा रही है। गांव के लोगों ने बताया कि खसरे से पीड़ित आरएसएस के खंड कार्यवाह की हालत काफी गंभीर है, लेकिन चिकित्सा विभाग चुप्पी साधे हुए है।

कुछ ग्रामीण मान रहे देवी का प्रकोप कर रहे पूजा पाठ 
 महसी ग्राम पंचायत माधवपुर करेहना में खसरा फैलने के बाद स्वास्थ विभाग की निष्क्रियता के चलते कई पीड़ित रोगियों के परिवारी जन खसरे को दैवीय प्रकोप मानते हुए  पूजा पाठ करने में जुटे हुए हैं। जिसके चलते रोगियों की हालत और बिगड़ सकती है।

नहीं थी जानकारी भेज रहे हैं टीम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महसी के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ मनु शर्मा का कहना है कि माधवपुर करेहना गांव में खसरा फैलने की सूचना नहीं मिली थी। अब पता चला है चिकित्सकों की टीम गांव भेज रहे हैं सभी का परीक्षण कर उपचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-Elon Musk धीरे से देंगे जोर का झटका, उड़ा देंगे 1.5 Billion Twitter Accounts

संबंधित समाचार