Kanpur में नहीं खत्म हो रही धुंध, नगर निगम पॉश क्षेत्रों में छिड़काव कर रहा खानापूर्ति
कानपुर में धुंध खत्म नहीं हो रही है।
कानपुर मे धुंध खत्म नहीं हो रही है। नगर निगम पॉश क्षेत्रों में छिड़काव कर खानापूर्ति कर रहा है। प्रदूषण विभाग निगरानी कर रहा है।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में धूल और धुंध को खत्म करने के लिए सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। पॉश इलाकों में तो पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन शहर के कई अन्य इलाकों में खूब धूल उड़ रही है। खाली मैदानों में भी यही हाल है।
इस वजह से शहर की प्रदूषण की स्थिति में बहुत ज्यादा सुधार नहीं हो रहा है। गुरुवार को भी धूल की वजह से कई क्षेत्रों में धुंध छाई रही। हालांकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी एक्यूआई में हवा संतुलित दर्शाई गई है।
शहर में वीआईपी रोड, मोतीझील, पी रोड आदि पॉश इलाकों में तो पानी का छिड़काव किया गया। लेकिन चुन्नीगंज, जाजमऊ रोड, बेनाझाबर सहित कई अन्य ऐसे मार्ग थे, जहां कोई छिड़काव नहीं किए जाने से धूल उड़ती रही। इन इलाकों में धुंध भी छाई, जिससे लोगों को परेशानी हुई। धूल पर नियंत्रण नहीं होने की वजह से लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों को सांस संबंधित बीमारियां हो रही हैं।
उधर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि प्रतिदिन पानी के छिड़काव की मॉनिटरिंग की जा रही है। क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि नगर निगम को पानी के छिड़काव की जिम्मेदारी दी गई है। जहां-जहां वह छिड़काव कर रही है, उसकी जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा यदि कहीं धूल उड़ने की शिकायत आ रही है तो उसकी रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेजी जा रही है। आग जलाने वालों पर नजर रखने के लिए सर्विलांस और नगर निगम दोनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंडलों में ये रहा हाल
मंडल एक्यूआई
लखनऊ 279
बरेली 156
कानपुर 131
झांसी 126
प्रयागराज 96
आगरा 62
