अमरोहा: परिवार को बंधक बनाकर व्यापारी के घर लूट का आरोपी गिरफ्तार, 19 लाख के आभूषण मिले
एसपी ने किया घटना का खुलासा, डेढ महीने पहले मंडी धनौरा में घटना को दिया था अंजाम
पुलिस सभागार में खुलासा करते एसपी आदित्य लांग्हे
अमरोहा, अमृत विचार। डेढ महीने पहले मंडी धनौरा कस्बे में व्यापारी के परिजनों को बंधकर कर घर में लूट के एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी आदित्य लांग्हे ने घटना का खुलासा किया। उसके पास से 19 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
शुक्रवार को एसपी ने बताया कि लगभग डेढ़ माह पहले 21 अक्टूबर को मंडी धनौरा थाना के कस्बा इलाके में व्यापारी अशोक लाला टाल वालों के यहां बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।
इसके बाद पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थीं। गुरुवार देर रात धनौरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पत्थर कुटी तिराहा पर ग्राम रमपुरा बागवान को जाने वाले रास्ते पर आभूषण लेकर एक व्यक्ति खड़ा है। तभी पुलिस ने आरोपी अनवर पुत्र अमीनुद्दीन निवासी फाजलपुर ढाकी थाना हल्दौर जनपद बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को अरोपी के कब्जे से लूटे हुए सोने-चांदी के आभूषण मिले, जिनमें सोने के 12 कडे-कंगन, पांच टॉपस व पांच अगूंठी, सोने का एक नैकलेक्स, सोने का पैंडिल, सोने की एक चेन गले की, सोने के छोटे टुकड़े, सोने के दो सिक्के, सोने के दो छल्ले बरामद किए हैं।
आभूषणों की कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई गई है। एसपी का कहना है, आरोपी अनवर से पूछताछ करने उसने बताया कि आभूषण उसके साले सादिक व उसके साथियों ने करीब डेढ माह पहले लूटे थे। लूट के कुछ माल को बैग में रखकर उसे बेचने के लिए दिए थे। आरोपी अनवर के अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: जीएसटी अधिकारियों की छापेमारी से व्यापारियों में गुस्सा
