बिजनौर: जीएसटी अधिकारियों की छापेमारी से व्यापारियों में गुस्सा
बाजार बंद कर जताया रोष, विधायक सदर व उनके पति धरना स्थल पर पहुंचे
जे सी से बात करते व्यापारी
बिजनौर। शुक्रवार को नगर क्षेत्र में जीएसटी विभाग की टीम के पहुंचने पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। बाजारों में छोटे से बड़े व्यापारी भयभीत नजर आए। इस दौरान व्यापारियों के बीच सदर विधायक सूची चौधरी व उनके पति पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को सहयोग का आश्वासन दिया है। जीएसटी अधिकारियों की टीम की छापामारी की जानकारी पर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले सिविल लाइंस व डाकखाना क्षेत्र के व्यापारियों ने जीएसटी विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।

मौके पर पहुंचीं सदर विधायक सुची चौधरी ने व्यापारियों की समस्या सुनीं और उत्पीड़न नहीं होने देने का आश्वासन दिया। इस दौरान सदर विधायक पति एवं भाजपा नेता मौसम चौधरी ने डाक घर चौराहा पर व्यापारियों से वार्ता की और बाजार खुलवाया। वहीं व्यापारी सुरक्षा फोरम का एक प्रतिनिधिमंडल जीएसटी विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए स्थानीय जीएसटी कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने कार्यपालक अनिल कुमार सिंह प्रथम से वार्ता की।
इस पर कार्यपालक ने कहा कि जीएसटी विभाग की टीमें जिन व्यापारियों के यहां छापेमारी कर रही है, उनके नाम मुख्यालय से आए हैं। इससे इतर किसी भी अन्य व्यापारी का कोई उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष राजकुमार गोयल, जिला मंत्री राहुल वर्मा, नगर महामंत्री खगेश शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता सहित शाह आलम, तूफैल अहमद, संजीव चौधरी, शिवांक विश्नोई, शकील अहमद आदि व्यापारी मौजूद रहे।
दुकानें बंद बाहर बैठे रहे व्यापारी
नजीबाबाद। जीएसटी टीम की छापेमारी से क्षेत्र के दुकानदार भयभीत हैं। शुक्रवार को भी इसके चलते दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर अपने घर चले गए। दो दिन से नांगल, कामराजपुर, चंदक, भागूवाला क्षेत्र मे जीएसटी टीम छापेमारी कर रही है। शुक्रवार को नजीबाबाद, सहारनपुर और जलालाबाद में जीएसटी टीम के आने की सूचना से व्यापार संगठन के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि जीएसटी टीम ने नजीबाबाद में किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन डर से व्यापारी दुकानों के शटर गिरा कर बाहर बैठे रहे और चोरी-छिपे ग्राहकों को सामान बेचने के लिए मजबूर रहे।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत
