अब सुशांत की बहन ने दिवंगत अभिनेता के लिए मांगा न्याय
मुंबई। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक नए इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने भाई के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा है कि सत्य की जीत होनी चाहिए। उनके पिता के.के. सिंह ने पटना के राजीव नगर पुलिस स्टेशन में कुछ दिनों पहले अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती सहित छह लोगों …
मुंबई। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक नए इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने भाई के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा है कि सत्य की जीत होनी चाहिए। उनके पिता के.के. सिंह ने पटना के राजीव नगर पुलिस स्टेशन में कुछ दिनों पहले अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती सहित छह लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।
श्वेता की इंस्टाग्राम पोस्ट में सुशांत की वह तस्वीर भी थी, जो उनके पटना स्थित घर पर रखी गई है। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा है, “अगर सच्चाई मायने नहीं रखती, तो कभी कुछ नहीं मायने रखेगा। हैशटैगजस्टिसफॉरसुशांतसिंहराजपूत।”
राजीव नगर पुलिस थाना प्रभारी योगेंद्र रविदास ने मंगलवार को कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता के.के. सिंह ने रिया सहित छह लोगों पर सप्ताहांत में दर्ज कराई, और अपनी शिकायत (एफआईआर संख्या 241/20) में उन्होंने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
श्वेता ने एफआईआर में यह भी उल्लेख किया है कि, “सुशांत ने अपनी बहन को फोन किया और उसे बताया कि रिया ने उसे पागल साबित करने के लिए मीडिया को कुछ मेडिकल रसीदें दिखाने को लेकर धमकी दी थी, जिसके बाद कोई भी उसके साथ काम नहीं करेगा।” पहले यह बताया गया कि सुशांत का अवसाद का इलाज चल रहा था। वहीं रिया ने भी इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एक खुले पत्र में दिवंगत अभिनेता की प्रेमिका होने की बात स्वीकार की थी और इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।
पटना सेंट्रल जोन के आईजी संजय कुमार ने संवाददाताओं को बताया, “सुशांत सिंह राजपूत के पिता द्वारा दायर कराई गई एफआईआर के बाद रिया चक्रवर्ती और पांच अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 340, 341, 380, 406, 420 और 306 के तहत आरोप लगाए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।”
सुशांत के पिता द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद, पटना पुलिस की चार सदस्यीय टीम मंगलवार को मुंबई में रिया और अन्य आरोपियों से पूछताछ करने के लिए पहुंची। इनमें रिया के पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती, मां संध्या चक्रवर्ती, भाई शोविक चक्रवर्ती और बिजनेस पार्टनर श्रुति मोदी शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 342, 380, 406,420, 306 और 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सदमे से थोड़ा उबरा, तब किया FIR : सुशांत के भाई
बिहार के रहने वाले दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में पटना के राजीवनगर थाना में उनके पिता के. के. सिंह द्वारा दर्ज प्राथमिकी के बाद सुशांत के चचेरे भाई ने कहा कि परिवार सदमे से थोड़ा उबरा है तब एफआईआर किया गया है। सुशांत के चचेरे भाई और छातापुर के पूर्व विधायक नीरज कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया कि घटना के बाद कुछ बातें पता चली तब प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
भाजपा के पूर्व विधायक सिंह ने कहा, “घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में था, अब जब कुछ उबरा है, तब कई बातें सामने आई जिसके बाद पटना के राजीवनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।” उन्होंने आगे कहा, “प्रथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की टीम मुंबई भी गई है और जांच कर रही है।” उन्होंने पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करने वालों का स्वागत करते हुए कहा कि जो लोग मांग कर रहे हैं उनका स्वागत है। उन्होंने पुलिस पर भरोसा के संबंध में पूछे जाने पर सवालिया लहजे में कहा कि विश्वास है तभी तो प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
