बरेली: मेयर, अध्यक्ष, पार्षद और सभासद पदों को लेकर लखनऊ में होगा मंथन
बरेली, अमृत विचार। मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के आरक्षण को लेकर आई आपत्तियों का नगर विकास अनुभाग के प्रमुख सचिव की ओर से निस्तारण किया जा चुका है। आरक्षण में फेरबदल न होने पर भाजपा ने निकाय चुनाव को लेकर कमर कस ली है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने रविवार को लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई।
ये भी पढ़ें- बरेली: जेपीएम में मानवाधिकार दिवस पर छात्रों ने निकाली रैली
जिसमें प्रदेश भर के भाजपा के संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री और नगरीय निकाय चुनाव के संयोजकों को बैठक में बुलाया गया है। बरेली से संगठनात्मक जिलों में बरेली, आंवला व महानगर के अध्यक्ष और चुनाव संयोजक भी जाएंगे। भाजपा महानगर की टीम ने लखनऊ जाने की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने बताया कि हाईकमान ने बैठक बुलाई है।
कुछ बिंदुओं पर तैयारी करके बैठक में पहुंचने के निर्देश मिले हैं। बैठक में किन-किन मुद्दों पर चर्चा होगी, यह वहां जाकर ही मालूम होगा। निकाय चुनाव पर फोकस करते हुए प्रदेशभर के प्रमुख पदाधिकारियों को बुलाया गया है। नगर निगम के चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना ने बताया कि बैठक में मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों पर आए आवेदनों के संबंध में भी चर्चा हो सकती है। इसके साथ निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा होगी। हर जिले के पदाधिकारियों को अपनी तैयारी के साथ बुलाया गया है।
पार्षद पदों के आवेदनों की स्क्रूटनी शुरू
चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना ने बताया कि शनिवार से पार्षद पद पर आए आवेदनों की स्क्रूटनी शुरू हो गई है। कई आवेदनों की जांच की गई। रविवार को लखनऊ में आयोजित बैठक में प्रतिभाग करने के बाद आवेदनों की जांच की जाएगी। अभी आवेदनों के आने का क्रम जारी है।
ये भी पढ़ें- मंडल रेल प्रबंधक ने बरेली जंक्शन का किया निरीक्षण
