सुल्तानपुर: विवाहिता व मासूम की जलकर मौत, ससुरालीजनों पर केस दर्ज 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

पति समेत चार लोग हिरासत में 

अमृत विचार, कादीपुर/ सुल्तानपुर। कोतवाली क्षेत्र के तवक्कलपुर नगरा सूरापुर में दहेज की मांग न पूरी करने पर एक विवाहिता व उसकी तीन वर्षीय पुत्री को जलाकर मार डालने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया हैं। पुलिस ने आरोपित पति समेत चार ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। घटनास्थल का एसपी सोमेन बर्मा ने निरीक्षण किया हैं। 

आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाने के बिलालपुर गांव के स्व. मुरली चौरसिया ने अपनी पुत्री लक्ष्मी चौरसिया की शादी स्थानीय कोतवाली के तवक्कलपुर नगरा निवासी चंद्रराम चौरसिया के पुत्र अरविंद चौरसिया के साथ वर्ष 2018 में की थी। आरोप है कि दहेज कम मिलने से ससुराली जन नाराज चल रही थे। दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ससुराल वाले हमेशा कम दहेज का का ताना मारते हुए लक्ष्मी को परेशान करते थे। इधर चार महीने पूर्व लक्ष्मी के पिता मुरली चौरसिया का निधन हो गया है। मुरली चौरसिया के एक पुत्र विक्रम है। जिसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। ससुरालीजन दहेज में स्व मुरली की जमीन को भी प्राप्त करना चाहते थे। 

आरोप है कि ससुराली जनों की मांग पूरी न होने से भोर में करीब चार बजे लक्ष्मी और उसकी तीन वर्ष की बेटी रिद्धि उर्फ गौरी को जलाकर मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मां की तहरीर पर दर्ज हुआ केस 
मृतका की मां बरफा देवी की तहरीर पर पुलिस ने पति अरविंद चौरसिया, ससुर चंद्रराम, सास राजकुमारी देवी एवं देवर गोलू चौरसिया के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है। मौके पर कप्तान सोमेन बर्मा, सीओ शिवम मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने पहुंचकर स्थित का जायजा लिया।

बोले जिम्मेदार 
मृतक की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। रहस्यमय परिस्थितियों में 23 वर्षीय महिला लक्ष्मी और उसकी करीब तीन वर्षीय बच्ची रिद्धि (गौरी) की जली लाश उसके घर के पीछे अहाते में मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। 
सोमेन वर्मा , एसपी सुल्तानपुर 

ये भी पढ़ें- रामपुर : दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत, पिता-पुत्र की मौत

संबंधित समाचार