अमरोहा: जीएसटी टीम के आने की सूचना से दुकानदारों में मचा हड़कंप
दुकानें बंद होने के बाद बाहर निकलते व्यापारी
अमरोहा, अमृत विचार। रविवार को दोपहर में अचानक यह सूचना पहुंची कि जीएसटी की टीम छापे के लिए आ रही है। जिस दुकानदार ने भी यह सूचना सुनी उसने अपनी दुकान के शटर गिरा दिए। देखते ही देखते शहर में अधिकांश दुकानें बंद हो गईं। जब इस बारे में व्यापारी नेताओं से बात की गई तो उन्होंने टीएसटी टीम के शहर में होने की सूचना को अफवाह बताया।
व्यापारी नेता कुंवर विनीत अग्रवाल कहते हैं कि पूरे प्रदेश में जीएसटी की टीम छापे मार रही है। शहर में भी अचानक दोपहर में यह अफवाह फैल गई कि जीएसटी की टीम आ गई है। जैसे ही यह अफवाह फैली, वैसे ही दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद करना शुरु कर दीं। जबकि वास्तविकता में ऐसा कुछ था ही नहीं।
सर्राफा बाजार से अनेक व्यापारियों ने कोट चौराहे तक जाकर दुकानों को खुलवाया। सर्राफा व्यापारी व भाजपा नेता मनोज वर्मा कहते है कि शहर में जीएसटी टीम होने की अफवाह ने बाजार बंद करा दिया। जबकि यह खबर अफवाह निकली। व्यापारियों ने दुकानदारों को समझाकर दुकानें खुलवाईं। उन्होंने बताया कि सोमवार को व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलेगा। किसी भी समय जीएसटी टीम के आने पर पहले व्यापारिक संगठनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनकर तब शहर में भ्रमण करेगा।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: परिवार को बंधक बनाकर व्यापारी के घर लूट का आरोपी गिरफ्तार, 19 लाख के आभूषण मिले
